यूक्रेन की राजधानी कीव के नजदीक गोला-बारूद के गोदाम पर शुक्रवार देर रात हुए हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है, चार लोग अभी भी लापता हैं। 2026 में किसी एक दिन में रूसी हमले में मरने वाले यूक्रेनी नागरिकों की यह सर्वाधिक संख्या है।
कीव के नजदीक जिस मीला गांव पर रूस का हमला हुआ था वहां पर आग अभी नहीं बुझी है। बचाव और राहत दल वहां पर मृतकों के शवों और घायलों की तलाश के काम में लगे हुए हैं। शनिवार देर रात रूस ने लगातार चौथे दिन कीव पर ड्रोन से हमला किया। इस हमले में कई भवनों को नुकसान हुआ और तीन लोग घायल हुए हैं।
जबकि यूक्रेन के ताजा ड्रोन हमले में रूस के सेंट पीटर्सबर्ग शहर के नजदीक स्थित किरिशी ऑयल रिफायनरी में आग लगने की सूचना है। इस बीच सैन्य संगठन नाटो ने कहा है कि यूक्रेन युद्ध में रूस को मजबूती से जवाब दे रहा है।
यूक्रेन ने बीते छह महीनों में रूस को आर्थिक रूप से भारी नुकसान पहुंचाया है। ऐसे में रूस नाटो के सदस्य देशों पर हमला करने की स्थिति में नहीं है। इसलिए रूस के द्वारा नाटो के सदस्य देशों पर हमले की दी जा रहीं धमकियां फिजूल हैं।