शनिवार को कर्जत रेलवे स्टेशन पर उस समय अचानक अफरातफरी और हड़कंप मच गया, जब वहां खड़ी कोयना एक्सप्रेस के पहियों से भारी धुआं निकलता देखा गया।
धुआं इतनी तेजी से फैला कि ट्रेन के डिब्बों के भीतर और प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में डर का माहौल बन गया।
चश्मदीदों और सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि बोगियों से धुआं निकलता देख घबराए हुए यात्री अपनी जान बचाने के लिए चलती और रुकी हुई ट्रेन से नीचे कूदने लगे। इस अचानक मची भगदड़ के कारण स्टेशन पर कुछ समय के लिए चीख-पुकार मच गई।
सेंट्रल रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा ट्रेन के ब्रेक जाम होने की वजह से हुआ था। ब्रेक ब्लॉक के पहियों से रगड़ खाने के कारण वहां से भारी धुआं उठने लगा था, जिसे तकनीकी भाषा में ‘ब्रेक बाइंडिंग’ कहा जाता है।
रेलवे प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को लगभग 10 मिनट तक कर्जत स्टेशन पर रोके रखा। इस दौरान रेलवे के तकनीकी स्टाफ और डॉक्टरों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
राहत की बात यह रही कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और इस पूरी घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है। तकनीकी जांच और सुचारू क्रेन चेकिंग के बाद ट्रेन को आगे के सफर के लिए रवाना कर दिया गया।