ब्रिटिश कमेंटेटर माइलो यानोपोलोस को ICE ने पकड़ा, इमिग्रेशन नियमों के उल्लंघन पर अमेरिका से ब्रिटेन भेजा गया…

डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) ने ब्रिटिश दक्षिणपंथी राजनीतिक कमेंटेटर माइलो यानोपोलोस को अमेरिका से वापस उनके देश ब्रिटेन भेज दिया है।

लुइसियाना के लुइस आर्मस्ट्रांग न्यू ऑरलियन्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने उन्हें हिरासत में लिया था।

समय-सीमा खत्म होने का आरोप
DHS के अनुसार, 41 वर्षीय यानोपोलोस मई 2019 में कानूनी तौर पर अमेरिका आए थे, लेकिन वीजा की समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से वहीं बने रहे।

इमिग्रेशन सुनवाई में उपस्थित न होने पर एक इमिग्रेशन जज ने 22 जुलाई को उन्हें देश से बाहर निकालने का अंतिम आदेश जारी किया था।

DHS के प्रवक्ता ने उन्हें “UK का अवैध प्रवासी” बताते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिकी कानूनों का उल्लंघन किया, जिस वजह से शुक्रवार को उन्हें वापस UK भेज दिया गया।

विवादों से रहा है पुराना नाता
इंग्लैंड के केंट में जन्मे यानोपोलोस अमेरिका की कंजर्वेटिव वेबसाइट ‘ब्रेटबार्ट न्यूज़’ में एडिटर के रूप में चर्चित हुए थे। बाद में उन्होंने प्रसिद्ध रैपर ‘ये’ (कान्ये वेस्ट) और पूर्व रिपब्लिकन कांग्रेसवुमन मार्जोरी टेलर ग्रीन के साथ भी काम किया। वे 2016 के चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप के बड़े समर्थक रहे और उन्होंने ट्रंप की सख्त इमिग्रेशन नीतियों का खुलकर पक्ष लिया था।

हालांकि, बाद में वे ट्रंप के आलोचक बन गए। प्रवासियों, इस्लाम, नारीवाद और ट्रांसजेंडर मुद्दों पर अपने विवादित बयानों के कारण वे अक्सर चर्चा में रहे। 2017 में वयस्कों और नाबालिगों के संबंधों पर उनकी एक पुरानी टिप्पणी सामने आने के बाद उन्हें ‘ब्रेटबार्ट’ से इस्तीफा देना पड़ा था।

लॉरा लूमर ने किया गिरफ्तारी का स्वागत
यानोपोलोस की गिरफ्तारी का दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट और ट्रंप की सहयोगी लॉरा लूमर ने स्वागत किया है। लूमर ने कहा कि उन्होंने ही अधिकारियों को यानोपोलोस के अवैध इमिग्रेशन स्टेटस की जानकारी दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *