राजस्थान में रिश्तों का कत्ल: कुल्हाड़ी से वार कर पिता की हत्या, अपराध छिपाने के लिए रची झूठी कहानी…

राजस्थान में डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में कर्ज के बोझ और जमीन बेचने की जिद ने एक बेटे को अपने ही पिता का हत्यारा बना दिया।

आरोपित ने 82 वर्षीय पिता की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद वारदात को हादसा बताने के लिए छत से गिरने की झूठी कहानी गढ़ दी। हालांकि, अंतिम संस्कार के दौरान सिर पर धारदार हथियार के घाव दिखाई देने से पूरा राज खुल गया।

पुलिस ने आरोपित बेटे कांतिलाल को गिरफ्तार कर लिया है। सागवाड़ा थानाधिकारी मनीष खोईवाल ने बताया कि गोवाड़ी निवासी कांतिलाल 27 अगस्त की रात करीब 10 बजे अपने पिता गौतमलाल यादव को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा था। उसने डाक्टरों को बताया कि पिता घर की छत से गिर गए हैं।

उपचार के दौरान गौतमलाल की मौत हो गई। स्वजन शव को घर ले आए और अगले दिन अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए। श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार की रस्म के दौरान जब गौतमलाल के सिर पर बंधी पट्टियां खोली गईं तो वहां मौजूद लोगों ने सिर पर गहरे धारदार हथियार के घाव देखे।

ग्रामीणों को मामला संदिग्ध लगा और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में सिर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने संदेह के आधार पर कांतिलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पिता के सिर पर कुल्हाड़ी से तीन-चार वार करना स्वीकार किया। आरोपित ने बताया कि कार्रवाई से बचने के लिए उसने छत से गिरने की कहानी बनाई थी।

जमीन बेचने से रोक रहे थे पिता

पुलिस के अनुसार आरोपित पर काफी कर्ज है और वह कर्ज चुकाने के लिए पारिवारिक जमीन बेचना चाहता था। पिता जमीन बेचने का विरोध कर रहे थे। इसी विवाद और कर्ज के दबाव में उसने पिता की हत्या कर दी। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *