छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में शुक्रवार रात सिटी कोतवाली थाना परिसर में जमकर हंगामा हो गया। दो समुदाय अचानक आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। उग्र भीड़ ने एक-दूसरे पर जलते हुए पटाखे भी फेंके।
हालात बेकाबू होते देख पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया गया। घटना की गंभीरता देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह और कलेक्टर मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने खुद पूरे हालात का मोर्चा संभाला।
विवाद की असल वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि सदर बाजार करोना चौक के पास सोहेल और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश में एक युवक की पिटाई की।
इसके जवाब में दूसरे पक्ष ने खपरगंज पहुंचकर सोहेल गुट को पीटा। दोनों पक्ष शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे, तभी वहां हिंदू संगठन के लोग भी जुट गए।
हिंदू संगठन का आरोप है कि किसी सोहेल खान के सोशल मीडिया अकाउंट से गाय को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। पुलिस ने जब एक पक्ष को बातचीत के लिए बुलाया तो बाहर मौजूद भीड़ उग्र हो गई। देखते ही देखते पुलिस के सामने पत्थरबाजी शुरू हो गई।
हालात बिगड़ते देख शहर के अन्य थानों से तत्काल अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई। पुलिस बल पहुंचने के बाद उपद्रवियों को खदेड़ा गया। देर रात तक इलाके में माहौल तनावपूर्ण रहा।
पुलिस ने घटना के वीडियो बनाए हैं। अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर पत्थरबाजों की पहचान की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।