नेपाल पुलिस ने चितवन में 25 वर्षीय मदन गुरुंग और 38 वर्षीय उमेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो फुटेज में दोनों को भोटेकोशी नदी के किनारे बाढ़ पीड़ित की लाश से बालियां (ईयरिंग्स) चुराते हुए देखा गया था।
ये क्लिप्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। यह घटना तब सामने आई जब तिब्बत से आए लैंडस्लाइड के कारण भयावह बाढ़ आई थी।
इस आपदा में अब तक कम से कम 359 लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। बचाव और राहत कार्यों के बीच इस घिनौनी हरकत ने पूरे नेपाल में आक्रोश पैदा कर दिया है।
नेपाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आम लोगों ने सोशल मीडिया पर इस घटना को कलयुग बताते हुए निंदा की है।
इस आपदा में 20 से ज्यादा पुल और करीब 40 किलोमीटर हाईवे बह गए हैं। इससे कई इलाकों का मुख्य क्षेत्र से संपर्क टूट गया है और ज्यादातर राहत एवं बचाव कार्य हेलीकाप्टरों की मदद से चलाया जा रहा है। 13,295 सुरक्षाकर्मी राहत और बचाव कार्य में तैनात किए गए हैं।
वहीं, चीन की तरफ से 141 बचावकर्मी लगाए गए हैं। इसके साथ ही पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की वेस्टर्न थिएटर कमांड के डायरेक्टिंग ग्रुप को मौके पर भेजा गया।