रूस की ब्रिटेन को हमले की चेतावनी, मॉस्को ने कीव समेत यूक्रेन के 9 शहरों की अर्थव्यवस्था को बनाया निशाना…

रूस ने कहा है कि युद्ध में अगर यूक्रेनी सेना ब्रिटेन की स्टार्म शैडो क्रूज मिसाइलों का इस्तेमाल करती है तो वह ब्रिटिश सैन्य ठिकानों को निशाना बना सकता है। ये सैन्य ठिकाने ब्रिटेन के भीतर हो सकते हैं और बाहर भी।

रूस ने कहा, ब्रिटेन द्वारा यूक्रेन को लंबी दूरी तक हमला करने वाली क्रूज मिसाइल देने से युद्ध भड़कने की वह लगातार चेतावनी दे रहा है लेकिन ब्रिटेन उस पर ध्यान नहीं दे रहा है। इसलिए रूस को कार्रवाई करनी पड़ेगी।

जवाब में ब्रिटेन ने कहा है कि उसे रूस की धमकी की परवाह नहीं है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के यूक्रेन पर गैरकानूनी हमले से मुकाबला कर रहे यूक्रेन के साथ ब्रिटेन कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है, यूक्रेन को जिस हथियार की जरूरत होगी-वह उसे दिया जाएगा।

इसी सप्ताह ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने यूक्रेन को स्टार्म शैडो मिसाइल देने और उसके निर्माण का अधिकार देने की बात कही है।

इसी मिसाइल का फ्रांसीसी संस्करण स्काल्प मिसाइल यूक्रेन को देने और उसके निर्माण का लाइसेंस भी देने की घोषणा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने की है।

ऐसे में फ्लैमिंगो मिसाइल का विकास कर चुके यूक्रेन को स्टार्म शैडो और स्काल्प मिसाइलें मिल जाती हैं तो रूस की मुश्किल बढ़ जाएगी। यूक्रेन अभी अपने लंबी दूरी तक मार करने वाले ड्रोन के हमलों से ही रूस की नाक में दम किए हुए है।

गुरुवार को रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने ब्रिटेन को भयावह दुष्परिणामों की चेतावनी देते हुए यूक्रेन को मिसाइल देने के निर्णय पर पुनर्विचार करने के लिए कहा है। कहा, रूस के लोगों पर स्टार्म शैडो और स्काल्प मिसाइलों का इस्तेमाल आतंकी कृत्य होगा।

कीव समेत नौ यूक्रेनी शहरों के अर्थतंत्र पर हमले

रूस ने गुरुवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव समेत नौ शहरों को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया। इन हमलों में रूस ने खासतौर से यूक्रेन के आर्थिक ठिकानों को निशाना बनाया है। जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया उनमें बंदरगाह, गोदाम, ऊर्जा ठिकाने और औद्योगिक इकाइयां मुख्य हैं।

इन हमलों खार्कीव में एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो घायल हुए हैं। रूस ने इन हमलों में बैलेस्टिक मिसाइलों, हाइपरसोनिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और जेट इंजन चालित ड्रोन का इस्तेमाल किया।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया है कि इसी सप्ताह उनकी सेना को पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम की कुछ मिसाइलें मिली हैं।

इसके परिणामस्वरूप रूस की सात बैलेस्टिक मिसाइलों और एक क्रूज मिसाइल को नष्ट करने में सफलता मिली लेकिन इंटरसेप्ट मिसाइलों की कमी अभी बनी हुई है।

जबकि बुधवार-गुरुवार रात रूस पर यूक्रेन के हमले में रूस की दूसरी सबसे बड़ी आनलाइन कंपनी ओजोन का मध्य रूस में स्थित ठिकाना निशाना बना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *