कैलास मानसरोवर यात्रा पर गया पनवेल का एक परिवार नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ से बाल-बाल बचा। यह परिवार आपदा आने से ठीक आठ-नौ घंटे पहले ही प्रभावित इलाके से निकला था। इनके शुक्रवार शाम तक कैलास मानसरोवर पहुंचने की उम्मीद है।
वैसे बाढ़ के डर ने इस टूर में शामिल तीर्थयात्रियों को हिलाकर रख दिया है। इन तीर्थयात्रियों ने खुद को शांत करने के लिए योग का सहारा लिया।
पनवेल के रहने वाले अश्विन शाह ने बताया कि उन्होंने 2005 में कैलास मानसरोवर यात्रा की थी। अबकी बार पत्नी अंजना अश्विन शाह, बेटे धीरेन अश्विन शाह, बहू युक्ति धीरेन शाह, छोटे भाई जयंत शाह और भाभी हंसा शाह के साथ तीर्थयात्रा ग्रुप का हिस्सा हैं।
शाह ने कहा-“वह अचानक बाढ़ के आने से करीब आठ-नौ घंटे पहले ही उस जगह से निकल गए थे। वे सभी सुरक्षित हैं और अब तिब्बत में हैं।”
टूर लीडर शैलेश माहेश्वरी ने भी पुष्टि की कि पनवेल से आए शाह परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा- “शुक्रवार सुबह हम तिब्बत से कैलास मानसरोवर की ओर बढ़ेंगे और शाम तक वहां पहुंच जाएंगे।”
शाह ने कहा- “मैंने गुरुवार शाम को अपने घर पर परिवार के सभी सदस्यों से बात की। अब मैं भगवान से प्रार्थना कर रहा हूं कि वह अपनी तीर्थयात्रा सुरक्षित पूरी करें और सुरक्षित घर लौटें।”
वैसे बाढ़ के डर ने दूसरे तीर्थयात्री भी सहमे हुए हैं। इसी ग्रुप में शामिल रूपाली छेड़ा ने बताया कि घटना के बाद खुद को शांत करने के लिए हम सभी ने योग का सहारा लिया। इस बीच महाराष्ट्र सरकार ने नेपाल में फंसे अपने नागरिकों के लिए 24×7 हेल्पलाइन शुरू की है।