हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने संगीत शिक्षकों के 118 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए पोस्ट कोड-26021 के तहत ली गई कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। पात्र उम्मीदवार न मिलने के कारण 72 पद रिक्त रह गए हैं।
इनमें सामान्य वर्ग के 26, सामान्य ईडब्ल्यूएस वर्ग के 11, सामान्य (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) का एक, ओबीसी 15, ओबीसी बीपीएल चार, एससी चार, एससी बीपीएल तीन, एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) वर्ग का एक और एसटी के तीन पद शामिल हैं।
क्या कहना है आयोग का
आयोग के सचिव डा. विक्रम महाजन ने बताया कि 118 संगीत शिक्षकों के पदों के लिए 71 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 63 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में 58 उम्मीदवारों का चयन दस्तावेजों की जांच के लिए किया गया था। 18 अगस्त को दस्तावेजों की जांच के बाद 46 उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
सीबीएसई स्कूलों में 97 भूगोल प्रवक्ता नियुक्त
उधर, प्रदेश स्कूल शिक्षा निदेशालय ने राज्य के सीबीएसई से संबद्ध सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में भूगोल विषय के 97 प्रवक्ताओं की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं।
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर की सिफारिश और सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न स्कूलों में तैनाती दी गई है।
ये नियुक्तियां पांच वर्ष के लिए अस्थायी आधार पर की हैं। चयनित प्रवक्ताओं को प्रति शैक्षणिक वर्ष 10 महीने के लिए 30,000 रुपये प्रतिमाह का मानदेय दिया जाएगा।
नियुक्त शिक्षकों को कक्षा छठी से 12वीं तक भूगोल एवं मानविकी विषयों का अध्यापन करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्हें रेमेडियल कक्षाएं भी लेनी होंगी।