उदयपुर में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान पटाखा फोड़ते समय हुए हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक स्टील की गन में आलू बम रखकर पटाखा चला रहा था।
इसी दौरान गन का पीछे का ढक्कन टूटकर तेज गति से उसकी गर्दन पर जा लगा। गंभीर चोट लगने से युवक जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा बुधवार दोपहर करीब एक बजे खेमपुरा चौराहे पर हुआ। एएसआई सूरजमल मीणा ने बताया कि पटाखा चलाते समय सलमान की गर्दन पर गंभीर चोट लगी। चोट इतनी गहरी थी कि उसकी श्वास नली और भोजन नली फट गई तथा काफी खून बह गया।
जानकारी के अनुसार, खेमपुरा से ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला जा रहा था। इसे अंजुमन चौक से निकलने वाले मुख्य जुलूस में शामिल होना था। इसी दौरान सलमान अन्य लोगों के साथ जुलूस में शामिल हुआ था और स्टील गन में पटाखे रखकर चला रहा था।