रायपुर : ’राखी के धागे में विश्वास अपार, बहनों के साथ विष्णु भैया की सरकार’…

’महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त से रायगढ़ जिले की 2 लाख 94 हजार से अधिक महिलाओं को मिली रक्षाबंधन की सौगात’

’मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अंतरित की 31वीं किस्त, जिले की महिलाओं के खातों में पहुंचे 27 करोड़ 4 लाख 49 हजार रुपये’

रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त ने रायगढ़ जिले की 2 लाख 94 हजार से अधिक माताओं-बहनों की खुशियां बढ़ा दी हैं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बालोद जिले के डौंडीलोहारा में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह से प्रदेश की 67 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 631 करोड़ 38 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री द्वारा राशि अंतरण करते ही हितग्राही महिलाओं के मोबाइल पर खाते में राशि पहुंचने के संदेश गूंजने लगे।

रायगढ़ जिले में ई-केवाईसी पूर्ण कर चुकी 2 लाख 94 हजार 773 महिलाओं के खातों में 27 करोड़ 4 लाख 49 हजार रुपये की राशि अंतरित की गई। रक्षाबंधन से ठीक पहले मिली इस आर्थिक सहायता से महिलाएं पर्व की तैयारियों और घरेलू आवश्यकताओं को अपनी जरूरत के अनुसार पूरा कर सकेंगी। उनके लिए यह राशि आर्थिक सहयोग के साथ सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का आधार भी बनी है।
’राखी से पहले मिला आर्थिक संबल, बढ़ी पर्व की खुशियां’

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की माताओं-बहनों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं के चेहरे की मुस्कान, उनका आत्मविश्वास और उनका आशीर्वाद सरकार की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

महतारी वंदन योजना की नियमित किस्त महिलाओं को अपनी जरूरतों के लिए आर्थिक निर्णय लेने का अवसर दे रही है। राशि का उपयोग महिलाएं घरेलू आवश्यकताओं, बच्चों की जरूरतों, स्वास्थ्य, पोषण और अन्य जरूरी खर्चों में कर रही हैं। वहीं अनेक महिलाएं बचत कर इसे आजीविका और स्वरोजगार के साधनों में भी लगा रही हैं।

’“राखी के पहले राशि मिली, अब पर्व की तैयारियां आसानी से कर सकेंगे”’

रायगढ़ जिले के ग्राम बड़ेगुंडा की मालती सिदार ने बताया कि उनके घर में निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण खर्च बढ़ गया है। ऐसे समय में रक्षाबंधन से पहले खाते में महतारी वंदन योजना की किस्त आने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि इस राशि से परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ रक्षाबंधन का पर्व भी खुशी के साथ मनाने में मदद मिलेगी।

महलोई की मंजरी गुप्ता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षाबंधन से पहले खाते में राशि पहुंचने से महिलाओं को पर्व की आवश्यकताओं के लिए किसी के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे अपनी जरूरतों को स्वयं पूरा करने में सक्षम हो रही हैं।

’नियमित सहायता से मजबूत हो रहा आत्मनिर्भरता का आधार’

महतारी वंदन योजना की निरंतर आर्थिक सहायता प्रदेश की महिलाओं के लिए केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन रही है। नियमित राशि मिलने से महिलाओं की परिवार के आर्थिक निर्णयों में भागीदारी बढ़ रही है और वे अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार राशि का उपयोग कर पा रही हैं।

रक्षाबंधन से पहले मिली 31वीं किस्त ने जिले की हजारों महिलाओं के लिए पर्व की खुशियों को और बढ़ा दिया है। उनके लिए खाते में पहुंची यह राशि सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सरकार के साथ भरोसे के रिश्ते, सम्मान और आत्मनिर्भरता का संबल है। “बहनों का मान, विष्णु भैया का सम्मान” की भावना के साथ महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *