विज्ञानियों ने चावल के दाने के आकार की एक माइक्रोचिप पर ऐसा ‘इंद्रधनुष’ तैयार किया है, जो एक साथ प्रकाश की कई सटीक दूरी वाली आवृत्तियां पैदा कर सकता है। इन आवृत्तियों को मिलीमीटर तरंगों में बदला जा सकता है।
इससे भविष्य में 6जी नेटवर्क में एक साथ अधिक संचार चैनल बनाने और ज्यादा डाटा भेजने की क्षमता बढ़ सकती है। हालांकि, यह अभी प्रयोगशाला स्तर की तकनीक है और इसे व्यावहारिक 6जी नेटवर्क में इस्तेमाल करने से पहले कई चरणों से गुजरना होगा।
यह शोध ब्रिटेन की लाफबरो यूनिवर्सिटी के विज्ञानियों के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय टीम ने किया है। इसके नतीजे हाल में नेचर कम्युनिकेशंस जर्नल में प्रकाशित हुए।
शोधकर्ताओं ने एक ऐसी प्रणाली प्रदर्शित की है, जिसमें एक स्थिर और उच्च गुणवत्ता वाला ‘माइक्रोकांब’ तैयार होता है। इससे एक साथ कई सटीक रूप से अंतर वाली मिलीमीटर-वेव आवृत्तियां पैदा की जा सकती हैं।
क्यों कहा गया ‘चिप पर इंद्रधनुष’
माइक्रोकांब को समझने के लिए इसे इंद्रधनुष से जोड़कर देखा जा सकता है। इंद्रधनुष में प्रकाश की अलग-अलग आवृत्तियां अलग-अलग रंगों के रूप में दिखाई देती हैं।
माइक्रोकांब में भी प्रकाश की कई आवृत्तियां होती हैं, लेकिन वे एक-दूसरे में लगातार मिलती नहीं हैं। वे कंघी के दांतों की तरह सटीक और समान अंतराल पर व्यवस्थित होती हैं। इस प्रयोग में पैदा हुआ प्रकाश इंसानी आंखों को दिखाई नहीं देता।