दक्षिण एशिया में रक्षा समीकरणों को बदलते हुए बांग्लादेश चीन से J-10CE फाइटर जेट और अटैक हेलीकॉप्टर खरीदने की तैयारी कर रहा है।
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के सूचना और प्रसारण सलाहकार जाहिद उर रहमान ने बताया कि बांग्लादेश इस समझौते के बेहद करीब पहुंच गया है और इसके लिए एक सरकारी पैनल समझौते का ड्राफ्ट तैयार करने में जुटा है।
सबसे बड़ी रक्षा डील
यह प्रस्तावित सौदा पिछले कुछ वर्षों में बांग्लादेश की सबसे बड़ी सैन्य खरीद में से एक माना जा रहा है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अपनी वायु सेना को आधुनिक बनाने के मिशन में जुटा बांग्लादेश लगभग 24 J-10CE विमान खरीदने पर विचार कर रहा है।
हालांकि, रहमान ने फिलहाल विमानों की कुल संख्या, सौदे की कीमत या डिलीवरी की समय-सीमा पर कोई टिप्पणी नहीं की है और कहा है कि ये सब बातचीत के जरिए तय किया जाएगा।
J-10CE जेट क्यों है चर्चा में?
J-10CE फाइटर जेट को लेकर पाकिस्तान ने दावा किया था कि सीमा विवाद के दौरान इस विमान का प्रभावी इस्तेमाल हुआ था। हालांकि इन दावों पर विवाद जारी है, लेकिन रहमान के अनुसार, ढाका ने पड़ोसी देश में हुए संघर्ष के दौरान चीनी विमान के शानदार प्रदर्शन और क्षमता को ध्यान में रखते हुए ही यह कदम उठाया है।
वर्तमान में पाकिस्तान इस जेट के एक्सपोर्ट वेरिएंट का उपयोग करने वाला एकमात्र देश है।
चीन पर बांग्लादेश की सैन्य निर्भरता
पिछले दो दशकों में चीन ने बांग्लादेश को नौसैनिक युद्धपोत, टैंक, लड़ाकू विमान और मिसाइल सिस्टम सप्लाई किए हैं, जिससे चीन बांग्लादेश के लिए सैन्य हार्डवेयर का सबसे बड़ा और अहम आपूर्तिकर्ता बन चुका है।