2025 में भारत में हुआ महाकुंभ एक ऐसा मेला था, जिसका नजारा अंतरिक्ष से भी बहुत खूबसूरत नजारा आया। NASA के अंतरिक्ष यात्री डोनल्ड पेटिट ने 2025 महा कुंभ मेले के दौरान रात में जगमगाते प्रयागराज की तस्वीर शेयर की है।
डोनल्ड पेटिट की शेयर की गई तस्वीर में इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से इस विशाल धार्मिक आयोजन का शानदार नजारा दिख रहा है। इस तस्वीर ने लाखों लोगों को एक साथ कैप्चर किया।
अंतरिक्ष से ली गई महाकुंभ की तस्वीर
अंतरिक्ष यात्री डोनल्ड पेटिट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीर शेयर करते हुए अपने अनुभव के बारे में बताते हुए लिखा, ‘ISS से 2025 प्रयाग महा कुंभ मेले की मेरी सबसे अच्छी तस्वीर।’
अंतरिक्ष यात्री ने आगे लिखा, ‘यह भारत में पवित्र नदियों के किनारे होने वाली 144 साल में एक बार होने वाली हिंदू तीर्थयात्रा है और दुनिया के सबसे बड़े आयोजनों में से एक है, जिसमें इस एक तस्वीर में लाखों लोग दिख रहे हैं!’
तस्वीरों में शहर और गंगा के आसपास का इलाका अंतरिक्ष के अंधेरे में जगमगाता हुआ दिख रहा है, जिससे ऑर्बिट से देखने पर इस आयोजन का विशाल आकार पता चलता है।
पेटिट ने पहले भी ISS से यही तस्वीरें शेयर की थीं और महाकुंभ मेले को दुनिया का सबसे बड़ा इंसानी जमावड़ा बताया था। उन्होंने कहा था, ‘यह दुनिया का सबसे बड़ा इंसानी जमावड़ा है और यह अंतरिक्ष से बहुत चमकदार दिखता है।’
71 वर्षीय अंतरिक्ष यात्री डोनल्ड पेटिट ने ये तस्वीरें तब ली थीं, जब वो NASA के ‘एक्सपीडिशन 72’ का हिस्सा थे। यह इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर वैज्ञानिक रिसर्च, टेक्नोलॉजी के प्रदर्शन और पृथ्वी के ऑब्जर्वेशन पर केंद्रित एक लंबा मिशन था।
एक्सपीडिशन क्रू ने ऑर्बिट में मौजूद लैब में अपने काम के दौरान पृथ्वी की तस्वीरें भी लीं।