उज्जैन: नागचंद्रेश्वर मंदिर में करंट की अफवाह से मची अफरा-तफरी, भगदड़ जैसे हालात; कई श्रद्धालु घायल…

महाकाल मंदिर के ऊपरी तल पर स्थित श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए लगी कतार में सोमवार को हरसिद्धि मंदिर चौराहे के समीप अफरा-तफरी मच गई। बैरिकेडिंग के अंदर डीपी के समीप करंट फैलने की अफवाह के बाद दर्शन के लिए कतार में खड़े लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

इस दौरान कुछ श्रद्धालु घायल हो गए। भगदड़ के दौरान बेरिकैड्स से टकराने के कारण हरिश्चंद्र के पैरों में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए चरक अस्पताल ले जाया गया।

घायलों में हिंदू बाई निवासी ढांचा भवन उज्जैन, सागर पुत्र मनीष उम्र 19 वर्ष निवासी किशनपुरा उज्जैन, लक्ष्मीबाई निवासी ढांचा भवन उज्जैन, अनसूया व उसकी मां ममता दोनों निवासी गंजबासौदा, हरिश्चंद्र निवासी ग्राम सिलवासा, वापी गुजरात, सोनम उम्र 18 वर्ष निवासी ग्वालियर, सुजीत कुमार निवासी दरभंगा बिहार, खुशी निवासी ग्वालियर तथा तुलसी व उसकी मां रेखा बाई दोनों निवासी वलसाड गुजरात शामिल हैं।

13 श्रद्धालु घायल

श्रावण सोमवार और नागपंचमी पर नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ के दौरान करंट लगने अफवाह के बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बैरिकेडिंग में फंसने और आपस में टकराने से 13 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को चरक अस्पताल ले जाया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है।

इनमें गुजरात, बिहार और ग्वालियर सहित विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालु भी शामिल हैं। नागचंद्रेश्वर मंदिर और हरसिद्धि मंदिर आसपास होने के कारण दर्शन व्यवस्था के इसी मार्ग पर भीड़ का दबाव था। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और कुछ समय बाद दर्शन व्यवस्था सुचारू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *