छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा, राइस मिल की 12 फीट गहरी खुली टंकी में डूबने से मजदूर की मौत…

छत्तीसगढ़ में बालोद जिले के विद्या विशु खुरसुनी राइस मिल में मजदूर प्रिंस कुमार शाह की 12 फीट गहरी खुली पानी की टंकी में डूबकर मौत हो गई। वह बिहार के पूर्णिया जिले (मोहनिया गांव) का रहने वाला था। घटना अर्जुंदा थाना क्षेत्र की है।

बायलर में पानी की सप्लाई के लिए बनी इस टंकी में न तो ढक्कन था, न सुरक्षा घेरा और न ही चेतावनी बोर्ड। वहां प्रकाश की व्यवस्था भी नहीं थी, साथ ही सीसीटीवी कैमरे बंद होने से यह भी पता नहीं चल पा रहा है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई।

स्वजन ने बताया कि प्रिंस की पत्नी गर्भवती है। गुरुवार रात जब प्रिंस (24) नजर नहीं आया, तो मजदूरों ने उसकी तलाश शुरू की।

बायलर सेक्शन की पानी की टंकी में प्रिंस का शव बरामद हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंपा। जिला श्रम अधिकारी ओम प्रकाश नेताम ने मिल की जांच कराने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

वहीं मिल संचालक धर्मेंद्र जैन ने कहा कि मिल में ईपीएस और ईएसआइसी का नियमित भुगतान किया जाता है। हमारे पास श्रम कानून के तहत आवश्यक लाइसेंस भी है और हमारे संस्थान में सभी श्रम नियमों का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *