बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में दिनदहाड़े एक प्राइमरी स्कूल के हेडमास्टर को स्कूल जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक हेडमास्टर का नाम नजरुल इस्लाम था।
चश्मदीदों के अनुसार बदमाश घटना के बाद फरार हो गए। कुल तीन बदमाश इस वारदात में शामिल थे। घटना की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं है। वहीं, आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शिक्षक सड़क पर उतर आए।
चोपड़ा ब्लॉक के शिक्षक जुलूस की शक्ल में चोपड़ा थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से घटना में शामिल लोगों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की।
जिला पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने कहा कि मामले की जांच प्रारंभिक स्तर पर है। आश्वासन दिया कि दोषियों को गिरफ्तार कर सजा दिलाई जाएगी। पुलिस ने मृतक का मोबाइल जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।