दिल्ली और यूपी में सर्दी ने दी बढ़त, घने कोहरे ने उत्तर भारत का जनजीवन अस्त-व्यस्त किया; पहाड़ों में बर्फबारी जारी…

उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बर्फबारी और बारिश हो रही है, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा और शीत लहर का कहर जारी है।

इससे दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में उड़ानें और ट्रेनें बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।

पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। 

IMD की प्रेस रिलीज के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इससे पर्यटकों को खुशी मिली है, लेकिन ऊंचाई वाले रास्तों पर फिसलन और अवरोध की स्थिति बन गई है।

मैदानों में घना कोहरा और शीत लहरदिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार में रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया हुआ है।

दृश्यता कई जगहों पर 50 मीटर से भी कम हो गई है। IMD ने 5-6 जनवरी तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है।

उड़ानें और ट्रेनें प्रभावित

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण कई उड़ानें देरी से चल रही हैं या रद्द की गई हैं। इसी तरह, उत्तर भारत में दर्जनों ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं। यात्री परेशान हैं और एयरलाइंस ने यात्रियों को पहले फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।

IMD के अनुसार, यह मौसमी स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। लोगों से सलाह दी जाती है कि सड़क यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और गर्म कपड़े पहनें। ठंड से बचाव के लिए जरूरी इंतजाम करें।

यूपी-एमपी में शीतलहर

कानपुर और प्रयागराज में भी शीत लहर के बीच घने कोहरे की चादर छाई हुई थी। लोग खुद को गर्म रखने के लिए अलाव के चारों ओर बैठे दिखे। ऐसे ही नजारे मुरादाबाद में भी देखने को मिले। अयोध्या में कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रही।

वाराणसी में भी शीत लहर जारी रही। मध्य प्रदेश में ग्वालियर कोहरे की चादर में लिपटा रहा। कश्मीर घाटी में तापमान और गिरने से शीत लहर की स्थिति बनी रही। श्रीनगर में डल झील पर पर्यटक देखे गए।

एक पर्यटक ने कहा, ‘हम पिछले तीन दिनों से यहां हैं। पहले हम पहलगाम गए, जहां हमने थोड़ी बर्फबारी देखी। हमने अपना नया वर्ष यहीं (श्रीनगर) मनाया, लेकिन बर्फबारी नहीं हुई। मौसम सुहाना है और यहां कोई प्रदूषण नहीं है।’

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पीर पंजाल रेंज में भारी हिमपात जारी रहा, जिससे क्षेत्र में शीत लहर और बढ़ गई। पूर्वी भारत में भी मौसम का गंभीर असर देखा गया।

ओडिशा के लिए ऑरेंज अलर्ट

दो जनवरी, 2026 की सुबह भुवनेश्वर, खुर्दा और ओडिशा के कई अन्य हिस्सों में घने कोहरे की मोटी चादर छा गई, जो नए वर्ष के पहले दिन शुरू हुए गंभीर मौसम के रुख को जारी रखे हुए थी।

मौसम विभाग ने खुर्दा और कटक सहित कई जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है, क्योंकि कई इलाकों में दृश्यता घटकर 50 मीटर तक रह गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *