ओडिशा के राउरकेला से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है।
दरअसल, एक 20 वर्षीय युवक की कथित तौर पर उसकी प्रेमिका के पिता ने हत्या कर दी और इसके बाद उसके शव को एक ट्रेन के डिब्बे में फेक दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक लड़की का पिता इस रिश्ते से खुश नहीं था, जिसके बाद उन्होंने ऐसा घिनौना कदम उठाया।
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस (TNIE) की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक की पहचान देवगढ़ जिले के श्रीनिवास राव के रूप में हुई है।
रिपोर्ट में कहा कि कथित तौर पर 24 सितंबर को हुआ अपराध तब सामने आया जब श्रीनिवास राव का शव कुछ दिन पहले छत्तीसगढ़ में एक ट्रेन के डिब्बे से बरामद किया गया था।
समाचार रिपोर्ट में कहा गया है कि राउरकेला के फाटापीप इलाके में श्रीनिवास जब रहने आया तो उसे वहां एक एक लड़की से प्यार हो गया।
लड़की के पिता इस रिश्ते से खुश नहीं थे। लड़की के पिता ने रिश्ते को खत्म करने का दोनों पर दबाव भी बनाया लेकिन श्रीनिवास और उसकी प्रेमिका भी रिश्ते को खत्म करने से इनकार कर चुके थे।
24 सितंबर को श्रीनिवास पर लड़की के पिता के साथ चार लोगों के एक समूह ने हमला किया था। हमलावरों ने बाद में उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए नयाबाजार के गिरधारीपाड़ा झुग्गी में ले जाकर एक कोयला ढोने वाली ट्रेन के डिब्बे में फेंक दिया।
शुरुआत में यह अफवाह फैली कि लड़की के परिवार द्वारा मारपीट किए जाने के बाद श्रीनिवास राव डरकर भाग गया। श्रीनिवास का परिवार कई दिनों से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था लेकिन उसका 24 सितंबर से कोई अता-पता नहीं था।
अंत में श्रीनिवास के पिता ने प्लांट साइट पुलिस स्टेशन में जाकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले पर छानबीन शुरू हुई, जिसमें श्रीनिवास के मौत का खुलासा हुआ। छत्तीसगढ़ में रायगढ़ पुलिस ने पीड़िता का शव बरामद किया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि श्रीनिवास का शव जिंदल प्लांट के रेलवे साइडिंग पर कोयला वैगन में पड़ा मिला था। प्लांट साइट पुलिस ने 27 सितंबर को युवक के पिता के साथ छत्तीसगढ़ की यात्रा की, जिन्होंने शव की पहचान की।
पुलिस के मुताबिक छानबीन अभी भी जारी है और जल्द ही, हत्या में शामिल चारों कातिलों को पकड़ लिया जाएगा।