कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल नहीं हैं पवन बंसल, नामांकन पत्र मंगाने की वजह भी बताई…

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन बंसल का कहना है कि वह पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव की दौड़ में नहीं हैं।

दरअसल कांग्रेस की राजस्थान इकाई में जारी संकट के कारण मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने को लेकर संशय है।

लेकिन इस बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता पवन कुमार बंसल ने मंगलवार को नामांकन पत्र मंगवाया था।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं था कि वह खुद चुनाव लड़ेंगे या फिर किसी अन्य उम्मीदवार की तरफ से उन्होंने यह कदम उठाया। अब खुद पवन बंसल ने इसको लेकर सफाई दी है। 

पवन बंसल ने कहा कि उन्होंने नामांकन पत्र अपने लिए नहीं बल्कि किसी और के लिए प्रस्तावक बनने के वास्ते मंगाए थे।

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन फॉर्म मंगाए जाने को लेकर बंसल ने कहा, “सभी ने वो पेपर मंगाए हैं। हमें चीजें तैयार रखनी चाहिए। जो भी (कांग्रेस अध्यक्ष पद का) चुनाव लड़ेगा उसे नामांकन दाखिल करने के लिए 10 लोगों को प्रस्तावक बनाना होगा। इसलिए मैं प्रस्तावकों में से एक हूं। प्रस्तावक के रूप में, मैं मौजूद हूं।”

पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल से पहले कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने कहा था कि बंसल ‘‘शायद किसी का समर्थन करेंगे और खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे।’’

मिस्त्री ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर उन्हें चुनाव की स्थिति के बारे में जानकारी दी और डेलीगेट (निर्वाचक मंडल की सदस्य) के रूप में उनका पहचान पत्र सौंपा था।

कांग्रेस के कोषाध्यक्ष और गांधी परिवार के भरोसेमंद माने जाने वाले बंसल ने ऐसे समय पर नामांकन पत्र लिया है, जब गहलोत के चुनाव लड़ने को लेकर प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया है।

कुछ दिनों पहले तक वह अध्यक्ष पद के लिए सबसे मजबूत उम्मीदवार के तौर पर देखे जा रहे थे। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की गई और नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से आरम्भ हुई, जो 30 सितंबर तक चलेगी।

नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *