अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया दुर्घटना मामले में नए सवाल खड़े हो गए हैं।
विमान दुर्घटना की वास्तविक वजह का पर्दाफाश जांच एजेंसियों की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा, लेकिन हादसे में मारे गए यात्रियों के परिवार की ओर से पैरवी कर रहे अमेरिकी वकील माइक एंड्रयूज ने अब तक सामने आए आधिकारिक दावे और एएआईबी की रिपोर्ट पर ही सवाल उठा दिए हैं।
उनका कहना है कि उपलब्ध साक्ष्य और निजी जांच से संकेत मिलता है कि विमान में पहले से तकनीकी खामी मौजूद थी और दुर्घटना का कारण इलेक्ट्रिकल सिस्टम में गंभीर खराबी हो सकती है।
गौरतलब है कि अहमदाबाद से लंदन जा रहे इस विमान हादसे में 241 यात्रियों समेत कुल 260 लोगों की जान गई थी। मृतकों में बड़ी संख्या में अमेरिकी और ब्रिटिश नागरिक भी शामिल थे।
पीड़ित परिवारों की ओर से अमेरिका में मुकदमा लड़ रही बीस्ली एलन लॉ फर्म के पार्टनर एवं अटार्नी माइक एंड्रयूज ने कहा कि हादसे के बाद ‘पायलट सुसाइड’ का नैरेटिव फैलाया गया, जबकि उपलब्ध तकनीकी संकेत इस निष्कर्ष का समर्थन नहीं करते।