मनेरी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक सरकारी इंटर कालेज के शिक्षक पर छात्रा से अभद्र व्यवहार व छेड़खानी करने का आरोप लगा है।
छात्रा के स्वजनों की तहरीर पर मनेरी कोतवाली में आरोपित शिक्षक के विरुद्ध पाक्सो एक्ट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिक्षक एनसीसी में एएनओ बताया जा रहा है। वहीं, छात्रा भी एनसीसी कैडेट बताई जा रही है।
छेड़खानी व अभद्र व्यवहार
जानकारी के अनुसार भटवाड़ी ब्लाक में मनेरी कोतवाली क्षेत्र के एक सरकारी इंटर कालेज में शिक्षक एनसीसी में एसोसिएट एनसीसी अधिकारी है, जिस पर भटवाड़ी ब्लाक के ही एक गांव निवासी नाबालिग छात्रा, जो एनसीसी कैडेट है से छेड़खानी व अभद्र व्यवहार करने का आरोप है।
यह घटना बीते मंगलवार की बताई जा रही है, जिसमें आरोपित शिक्षक के साथ कुछ अन्य लोगों के भी संलिप्त होने की बात कही जा रही है। बुधवार को पीड़ित छात्रा के स्वजनों ने मामले में मनेरी कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी। घटना से क्षेत्र के लोगों में भी भारी रोष है।
मनेरी कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक नौटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्रा के स्वजनों की तहरीर पर आरोपित शिक्षक के विरुद्ध पाक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित पर विद्यालय समय पर ही छात्रा से छेड़खानी करने व अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है।