लूट, हत्या के प्रयास, रंगदारी और अवैध असलहे से जुड़े 32 मुकदमों में नामजद जामवंत यादव उर्फ जमुना के गिरोह पर पुलिस ने गैंग्सटर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। वहीं गैंग्सटर एक्ट में वांछित उसके साथी हीरालाल यादव को तरवां पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
हीरालाल मिट्टी उठाने के विवाद में जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में भी नामजद है। सरायभादी गांव निवासी सुभाष यादव ने एक जनवरी 2021 को तरवां थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि मिट्टी उठाने के विवाद में जामवंत यादव उर्फ जमुना और हीरालाल यादव गाली-गलौज करते हुए उनके दरवाजे पर पहुंचे और अवैध असलहे से जान से मारने की नीयत से फायर किया।
विवेचना के दौरान जामवंत के कब्जे से .315 बोर का तमंचा बरामद हुआ था।28 अप्रैल 2025 को वाराणसी के मिर्जामुराद थाने में लूट का मुकदमा दर्ज हुआ था। विवेचना में जामवंत, सुमित यादव व प्रदुम्मन यादव के नाम सामने आए। इनके आपराधिक इतिहास के आधार पर गैंगचार्ट तैयार कर गैंग्सटर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
जामवंत के विरुद्ध आजमगढ़, गाजीपुर व वाराणसी में लूट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंग्सटर एक्ट, अवैध असलहा व एनडीपीएस एक्ट समेत 32 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं हीरालाल के विरुद्ध तरवां थाने में हत्या के प्रयास, मारपीट व धमकी समेत चार मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपित को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया।