तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के इब्राहिमपटनम में तैनात तहसीलदार (राजस्व अधिकारी) देसानी श्रीनिवास रेड्डी के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज छापेमार कार्रवाई की।
इस छापेमारी के दौरान अधिकारी के पास से 2 फ्लैट, 8 प्लॉट, 10 एकड़ कृषि भूमि, सोना, पेंटहाउस और नकदी समेत सरकारी आंकड़ों में 6.87 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति मिली है। एसीबी ने रेड्डी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
20 अगस्त को ACB की छापेमारी के दौरान देसानी श्रीनिवास रेड्डी के आवास, कार्यालय और पांच अन्य स्थानों पर तलाशी के दौरान जांचकर्ताओं को 6.87 करोड़ रुपये मूल्य की कई संपत्तियों के दस्तावेज मिले।
इनमें हैदराबाद में 2.63 करोड़ रुपये मूल्य के दो आवासीय फ्लैट, 1.61 करोड़ रुपये मूल्य का हैदराबाद के करमनघाट में एक G+3 पेंटहाउस,10 एकड़ कृषि भूमि और शहर तथा उसके बाहरी इलाकों में स्थित आठ खाली प्लॉट 86 लाख रुपए का निवेश, कैश, बैंक डिपॉजिट, 680 ग्राम सोना, 5 गाड़ियां और घर का सामान/इलेक्ट्रॉनिक आइटम शामिल हैं।
अचल संपत्ति की मार्केट वैल्यू 50 करोड़ से अधिक
ACB का आधिकारिक मूल्यांकन 6.87 करोड़ रुपए है, लेकिन अचल संपत्ति की मार्केट वैल्यू कई गुना ज्यादा बताई जा रही है और इसका अनुमान 50 करोड़ रुपये से अधिक है।
ACB का आरोप है कि श्रीनिवास रेड्डी ने भ्रष्टाचार के तरीकों से और अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से ज्यादा संपत्ति जमा की। आरोपी तहसीलदार को गिरफ्तार कर शुक्रवार को SPE और ACB मामलों के स्पेशल जज के सामने ज्यूडिशियल रिमांड के लिए पेश किया गया। मामले की जांच जारी है।