ऑनलाइन वीडियो से हत्या की योजना, चार रिश्तेदारों की हत्या के आरोप में आरोपी गिरफ्तार…

तेलंगाना के नलगोंडा जिले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या के मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित ने ऑनलाइन वीडियो देखकर हत्या की योजना बनाई और फिर वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में मुख्य आरोपित सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

हैदराबाद निवासी पेशे से कार चालक सैयद असलम आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। उसने पहले अपनी पत्नी की मौसी हसीना से एक लाख रुपये उधार लिए थे। बाद में नई कार खरीदने के लिए उसने दोबारा एक लाख रुपये की मांग की, लेकिन हसीना ने इन्कार कर दिया।

पुलिस का कहना है कि पुराने कर्ज का ब्याज न चुकाने पर हसीना द्वारा ताना दिए जाने से असलम नाराज था। वहीं, उसकी पत्नी तबस्सुम के मन में भी हसीना के प्रति पुरानी पारिवारिक रंजिश के कारण नाराजगी थी।

जांच के अनुसार, पैसे की लालच और बदले की भावना से असलम ने इंटरनेट पर अपराध से जुड़े वीडियो देखकर पूरी योजना बनाई। 19 जून को वह हसीना के घर पहुंचा और चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने हसीना के पति तथा उनके 20 और 12 वर्ष के दो बच्चों पर भी हमला किया।

पुलिस का आरोप है कि 12 वर्षीय बच्ची खाट के नीचे छिप गई थी, लेकिन असलम ने उसे भी मार डाला ताकि कोई गवाह न बचे। वारदात के बाद आरोपित घर से सोने के गहने, जमीन और बैंक से जुड़े दस्तावेज लेकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, उसने एक दोस्त की मदद से हैदराबाद के एक जौहरी के पास चोरी के गहने 5.30 लाख रुपये में गिरवी रख दिए। 22 जून को घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घटना का पर्दाफाश हुआ।

जांच के आधार पर पुलिस ने असलम, उसकी पत्नी, चोरी का सामान गिरवी रखने में मदद करने वाले उसके दोस्त और जौहरी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *