आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रा कर रही मुजफ्फरपुर की एक महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है।
महिला की शिकायत पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को ट्रेन से ही गिरफ्तार कर लिया। मामले में पीड़िता का बयान दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
एस-2 कोच में हुई अशोभनीय हरकत
आरपीएफ इंस्पेक्टर ऋतुराज कश्यप ने बताया कि पीड़ित महिला अपने परिवार के साथ ट्रेन की एस-2 बोगी में सफर कर रही थी। इसी दौरान बगहा जिले के नवका टोला निवासी राजाराम कुमार उसके बगल में आकर बैठ गया। आरोप है कि कुछ देर बाद उसने महिला के साथ अशोभनीय हरकतें शुरू कर दीं।
महिला ने पहले आरोपित का विरोध किया, लेकिन जब वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो उसने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा दी।
सूचना मिलते ही सक्रिय हुई आरपीएफ
शिकायत मिलते ही आरपीएफ हरकत में आ गई। ट्रेन में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने आरोपित की पहचान कर उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया। बाद में उसे विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
महिला का बयान दर्ज
आरपीएफ के अनुसार पीड़ित महिला मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली है। उसका बयान दर्ज किया जा रहा है और मामले से संबंधित अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने कहा कि महिला यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसी घटनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।