मनाली के प्रसिद्ध देव टिब्बा ट्रैकिंग क्षेत्र में एक विदेशी ट्रैकर दुर्घटना का शिकार हो गया। इंग्लैंड के नागरिक जॉर्ज रिचमंड ट्रैकिंग के दौरान फिसलकर खाई में गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और कई घंटों की मशक्कत के बाद घायल ट्रैकर को सुरक्षित निकालकर मनाली अस्पताल पहुंचाया गया। ट्रैकर को हेलीकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू किया गया।
जानकारी के अनुसार जॉर्ज रिचमंड देव टिब्बा क्षेत्र में ट्रैकिंग कर रहा था। इसी दौरान कठिन पहाड़ी रास्ते पर उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर नीचे खाई में गिर गया।
हादसे में उसे गंभीर चोटें आई हैं जिसके बाद उनके साथ मौजूद लोगों ने प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, फायर ब्रिगेड तथा बचाव दल मौके के लिए रवाना हुआ।
कड़ी मशक्कत के बाद पहुंची रेस्क्यू टीम
दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन रेस्क्यू टीम ने समन्वय के साथ अभियान चलाकर घायल ट्रैकर तक पहुंच बनाई। प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें स्ट्रेचर के माध्यम से सुरक्षित स्थान तक लाया गया और फिर अस्पताल पहुंचाया गया। मनाली अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
जोखिमभरा ट्रैक है देव टिब्बा
देव टिब्बा क्षेत्र साहसिक पर्यटन और ट्रैकिंग के लिए देश-विदेश के पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। हालांकि यहां के दुर्गम रास्तों और बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैकर्स से सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा प्रशिक्षित गाइड के साथ ही यात्रा करने की अपील की है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने की है।