भैरोगंज थाना क्षेत्र के सहसराव गांव में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। वहीं मृतक के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत युवक की पहचान सहसराव गांव निवासी जोगिंदर चौधरी के 24 वर्षीय पुत्र सतीश कुमार के रूप में हुई है।
सुबह घर में फंदे से लटका मिला युवक
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह स्वजन ने सतीश कुमार को घर के अंदर फंदे से लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद भैरोगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है।
आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
फिलहाल युवक ने आत्महत्या क्यों की, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। पुलिस स्वजन और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।