अमेरिका के टेक्सस प्रांत में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक छोटा विमान अनियंत्रित होकर सीधे हाईवे (लूप 20) पर जा गिरा। क्रैश होते ही विमान में भीषण आग लग गई।
इस हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और वहां से गुजर रहे लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर विमान में फंसे लोगों को बचाने के लिए दौड़ पड़े। पुलिस के मुताबिक, विमान में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
हादसे के बाद हाईवें दोनों तरफ से बंद
लारेडो पुलिस विभाग के जांचकर्ता जोस बिएजा ने बताया कि यह हादसा रात करीब 10 बजे के बाद हुआ। राहत की बात यह रही कि हाईवे पर चल रहे किसी भी वाहन या उसमें बैठे लोगों को चोट नहीं आई है।
एक्सीडेंट के बाद सुरक्षा के लिहाज से हाईवे को दोनों तरफ से बंद कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान हाईवे के बैरियर से टकराकर एक तरफ झुका हुआ है और धू-धू कर जल रहा है।
‘फिल्म के सीन जैसा था नजारा, कोई भी पल फट सकता था विमान’
इस हादसे की चश्मदीद जायरा गार्जा नाम की महिला ने बताया कि वह अपनी सहकर्मियों को गाड़ी से घर छोड़ रही थीं, तभी अचानक उनके सामने यह विमान क्रैश हो गया।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में मैंने इस घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, लेकिन जैसे ही गाड़ी रोकी, देखा कि विमान के अंदर फंसा एक शख्स बाहर निकलने के लिए कॉकपिट (पायलट के केबिन) की खिड़की तोड़ने की कोशिश कर रहा था।
जायरा ने आगे बताया कि उनके पति भी लोगों की मदद के लिए तुरंत गाड़ी से बाहर कूद पड़े। इसी बीच विमान का दरवाजा खुला और तीन किशोर (कम उम्र के युवा) तेजी से बाहर भागे, जिनके पीछे पायलट भी था। चालक दल (क्रू) के एक अन्य सदस्य ने विमान के अंदर से एक बेहोश व्यक्ति को बाहर खींचने की पूरी कोशिश की।
जायरा ने कहा कि यह सब किसी फिल्मी सीन जैसा लग रहा था और मैं पूरी तरह सदमे में थी। मुझे सबसे ज्यादा डर उस आग से लग रहा था, क्योंकि डर था कि विमान किसी भी वक्त ब्लास्ट हो सकता है।