Singrauli में Bank of Maharashtra लूटकांड के आरोपितों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है…

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में शुक्रवार दोपहर एक बड़ी बैंक डकैती ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में लगभग एक बजे पांच हथियारबंद बदमाश घुसे और महज 15 मिनट में पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की तस्वीर को हासिल किया और उसे जनता से साझा किया है।

आरोपितों पर पुलिस ने इनाम भी घोषित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि सही सूचना देने वालों को पुलिस 50 हजार रुपये देगी।

शुक्रवार को सिंगराैली जिले के बैढन में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में पहले दो बदमाश घुसे। कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाया, फिर तीन और साथी पहुंच गए। बंदूक के दम पर पूरे बैंक को कब्जे में लेकर कैश और लाकर की चाबी ली गई।

विरोध करने पर मारपीट भी की गई। इस दौरान बैंक में मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि आरोपी करीब 9-10 किलो सोना और लगभग 20 लाख रुपये नकद लूटकर ले गए।

यह सोना ग्राहकों का था, जिसे बैंक में गिरवी रखा गया था। सोने की कीमत करीब 15 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

बदमाश पिट्ठू बैग और बड़े थैले में सारा माल भरकर भागे। घटना के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तुरंत संज्ञान लिया। डीजीपी कैलाश मकवाना और रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जारी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और आम लोगों से मदद मांगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *