कर्नाटक में मानसिक रूप से दिव्यांग महिला से दुष्कर्म और गर्भपात का मामला, डॉक्टर-नर्स समेत 7 गिरफ्तार…

कर्नाटक के गडग जिले से बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।

यहां एक मानसिक रूप से दिव्यांग महिला से दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने के आरोप में डॉक्टर और नर्स समेत सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

गडग महिला पुलिस स्टेशन में 26 जुलाई को दर्ज मामले में गिरफ्तार आरोपियों में सिकंदर गुलाबसब बेपारी, शब्बीर अहमद लंगोटी (उर्फ जूनसब), प्रदीप सागर नवालेकर, भारत महादेवप्पा कोरावर, संदीप सागर नवालेकर, आरएमपी डॉक्टर नागराज कामतर (बेल्लाट्टी गांव) और स्टाफ नर्स रेखा शिराहट्टी (शिगली) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, चार आरोपियों (सिकंदर, शब्बीर, प्रदीप और भारत) ने अलग-अलग मौकों पर और अलग-अलग जगहों पर महिला से यौन शोषण किया। महिला के गर्भवती होने के बाद आरोपियों ने परिवार को पैसे देकर समझौता करने की कोशिश की और शिकायत न करने की धमकी दी।

इसके बाद संदीप, डॉक्टर नागराज और नर्स रेखा ने महिला को 10 गर्भपात की गोलियां खिलाकर करीब तीन महीने की गर्भावस्था समाप्त कर दी।

गडग के एसपी रोहन जगदीश ने कहा कि यह बहुत गंभीर मामला है। विशेष टीमें गठित की गई हैं और अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा। परिवार ने कुछ और लोगों के नाम भी लिए हैं, जिन पर अवैध गर्भपात में मदद करने का आरोप है। उनकी भूमिका की जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *