संयुक्त अरब अमीरात पर हमला करने के दौरान तीन भारतीय नागरिकों के घायल होने की खबर सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, यह हमला ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह ऑयल इंडस्ट्रियल जोन को निशाना बनाने के लिए किया था। इसमें मिसाइल और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था।
अमीराती अधिकारियों की माने तो हवाई सुरक्षा प्रणालियों ने आने वाले कई खतरों को बीच में ही रोक दिया, लेकिन जमीन पर कुछ जगहों पर नुकसान होने की भी खबरें मिली हैं।
अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने इस हमले को लेकर कहा कि, वह प्रभावित लोगों की सहायता के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
भारतीय और UAE के विदेश मंत्रालय ने की निंदा
दूतावास ने X पर एक पोस्ट में कहा, “फुजैराह में आज हुए हमलों में तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए हैं। हम प्रभावित भारतीय नागरिकों को उचित चिकित्सा देखभाल और सहायता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं।”
वहीं, कड़े शब्दों वाले बयान में, UAE के विदेश मंत्रालय ने इन हमलों की निंदा करते हुए इन्हें तनाव में एक गंभीर बढ़ोतरी बताया।
मंत्रालय ने इन हमलों को “विश्वासघाती” करार दिया और कहा कि ये राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सीधा खतरा पैदा करते हैं; मंत्रालय ने यह भी कहा कि UAE इन हमलों का जवाब देने का अपना “पूर्ण और वैध अधिकार” सुरक्षित रखता है।
ये नए हमले खाड़ी क्षेत्र में क्षेत्रीय और वैश्विक शक्तियों के बीच टकराव के और अधिक बढ़ने का जोखिम भी बढ़ता हुआ प्रतीत हो रहा है।