मणिपुर में 24,475 अवैध प्रवासी चिन्हित, 14,992 को म्यांमार वापस भेजा गया…

मणिपुर के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजाम ने सोमवार को कहा कि राज्य में 24,475 अवैध प्रवासियों की पहचान की गई है। इनमें से 14,992 लोग पड़ोसी देश म्यांमार लौट चुके हैं, जबकि 9,453 लोग अभी राज्य के विभिन्न हिस्सों में रह रहे हैं। उन्हें अस्थायी शिविरों में रखा गया है। हालांकि, मंत्री ने यह जानकारी नहीं दी कि अवैध प्रवासियों की पहचान किस अवधि के दौरान की गई।

विधानसभा में एक प्रश्न के उत्तर में कोंथौजाम ने बताया कि कामजोंग जिले में 6,545, तेंगनौपाल में 3,560 और चंदेल जिले में 14,370 अवैध प्रवासियों की पहचान की गई।

मणिपुर विधानसभा सत्र में शामिल नहीं हुए 9 नगा विधायक

नगा समुदाय के छह लोगों की हत्या के विरोध में नगा समुदाय के नौ विधायक सोमवार को विधानसभा सत्र में शामिल नहीं हुए। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में नगा समुदाय के छह लोगों की कुछ महीने पहले हत्या कर दी गई थी।

नगा पीपुल्स फ्रंट के नेता अवांगबो न्यूमई ने कहा कि नगा विधायकों ने सोमवार की कार्यवाही का बहिष्कार करने का फैसला किया, क्योंकि कांगपोकपी में हुई हत्याओं में अब तक न्याय नहीं मिला है।

आरोप है कि छह नगा नागरिकों का 13 मई, 2026 को अपहरण कर लिया गया था। सुरक्षा बलों की संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान 10 जून को उनके शव बरामद किए गए। अपहरण के करीब एक महीने बाद उनके शव मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *