त्रिपुरा पुलिस और असम राइफल्स ने बिहार से अगरतला आए हथियारों के दो संदिग्ध डीलरों को गिरफ्तार किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि जब त्रिपुरा पुलिस के जवान रविवार रात अगरतला-खोवाई रोड पर शालबगान इलाके में गाड़ियों की चेकिंग कर रहे थे, तो उन्हें असम राइफल्स से जानकारी मिली कि दो लोग डोमडोमिया से अगरतला की ओर पैदल आ रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार और गोला-बारूद हैं।
शालबगान इलाके में एक ज्वाइंट आपरेशन में दोनों को रोका गया और हिरासत में ले लिया गया। तलाशी के दौरान, उनके पास से दो पिस्तौल, तीन मैगजीन और अन्य सामान बरामद किए गए।
आरोपितों की पहचान सूरज कुमार और श्रीकांत कुमार के तौर पर हुई, जो क्रमशः बिहार के लखीसराय और वैशाली जिलों के रहने वाले हैं। वे बरामद हथियारों और गोला-बारूद को रखने के लिए कोई वैध लाइसेंस या कानूनी दस्तावेज नहीं दिखा पाए। इसके बाद हथियारों और गोला-बारूद को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।