सैयद जावेद हुसैन (सह संपादक- छत्तीसगढ़): धमतरी- नगर निगम क्षेत्र में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना की किश्त का उपयोग कर मकान निर्माण का काम कर रहे हितग्राहियों को जल्द ही राशि का आबंटन किया जाएगा, इससे वे निर्माणाधीन मकान का निर्माण कार्य पूरा कर सकेंगे।
जिन निर्माण की पहली, दूसरी, तीसरी व चौथी किश्त के अनुरूप फाइल तैयार कर ऑनलाइन जियो टैग किया गया है उस आधार पर उन्हें किश्त का आबंटन किया जाएगा।
गौरतलब है कि हितग्राहियों की फाइल आवास योजना शाखा से लेखा शाखा में तैयारी की जाती है। महापौर विजय देवांगन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के नोडल अधिकारी कार्यपालन अभियंता राजेश पदमवार को निर्देशित करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी हितग्राहियों की कार्य प्रगति को देखकर जिओ टैग करवाकर प्राथमिकता देते हुए तैयार कर लेखा शाखा में भेजें, साथ ही लेखा अधिकारी को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी फाइलों पर कार्रवाई करते हुए जल्द ही सभी हितग्राहियों को राशि आबंटन करें, ताकि हितग्राहियों को परेशानी का सामना ना करना पड़े।
साथी ही जो हितग्राही कार्यालय आकर जानकारी ले रहे हैं उनके साथ व्यवहार अच्छा रखते हुए सभी जानकारी दें। साथ ही महापौर ने हितग्राहियों से अपील करते हुए कहा कि खाते में राशि डलावने के लिए किसी को भी कोई भी प्रकार का पैसा देने की जरूरत नही, अगर कोई पैसा मांगता है तो तत्काल मुझे या आयुक्त को शिकायत कर सकते हैं।
3694 हितग्राहियों को अब तक आवास योजना का मिल रहा है लाभ…
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अब तक धमतरी निगम क्षेत्र में पूर्व प्राप्त आवेदनों के आधार पर 2566 में से 2033 आवास के निर्माण को पूर्ण किया जा चुका है, 358 कार्य प्रगति पर है साथ ही 175 आवेदनों में किसी कारणवश कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है जिन्हें निरस्त किया जा सकता है।
वहीं 1128 हितग्राहियों को आवास योजना के अंतर्गत शासन ने लाभ दिया था जिसमें 929 हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा जारी किया गया, जिनसे 16 आवास को कंप्लीट करावा लिया गया है तथा 722 आवास प्रगति पर है।
शेष 199 के दस्तावेज की कमी के कारण कार्य रुका हुआ है उनकी वस्तु स्थिति देखकर भवन अनुज्ञा जारी किया जाएगा।