नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर जय क्लेटन बने अमेरिका के नए AI जार, ‘सुपर इंटेलिजेंस फोर्स’ में कौन-कौन शामिल?…

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने नेशनल इंटेलिजेंस के डायरेक्टर (डीएनआई) जे क्लेटन को व्हाइट हाउस का नया एआई जार नियुक्त किया है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, अगस्त में इंटेलिजेंस प्रमुख का पद संभालने वाले क्लेटन अब एक नई कार्यकारी टास्क फोर्स की कमान संभालेंगे।

इस टास्क फोर्स को 120 दिनों के भीतर एक विस्तृत रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया गया है, जिसमें तेजी से विकसित हो रहे AI से राष्ट्रीय सुरक्षा को होने वाले खतरों और इससे मिलने वाले रणनीतिक व आर्थिक अवसरों का ब्योरा देना होगा।

सुपर इंटेलिजेंस फोर्स में अमेरिका दबदबा

क्लेटन ने बताया कि प्रशासन के भीतर इस नई पहल को अनौपचारिक रूप से सुपर इंटेलिजेंस फोर्स कहा जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्तर पर अमेरिका की तकनीकी बढ़त को बनाए रखना है।

क्लेटन के अनुसार, राष्ट्रपति का कहना है कि एक ऐसी टीम बनाई जाए जो अमेरिकी हितों की रक्षा करते हुए एडवांस AI के क्षेत्र में देश को शीर्ष पर रखे, क्योंकि इस दौड़ में पहले पायदान से पिछड़ने का जोखिम बहुत बड़ा है।

सुरक्षा बहस बनाम कड़े नियमों से परहेज

यह नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब AI सुरक्षा को लेकर दुनिया भर में बहस तेज है। हाल के दिनों में कई प्रमुख शोधकर्ताओं ने आगाह किया है कि आने वाले 10 वर्षों में यह तकनीक मानव जीवन के लिए बड़े खतरे पैदा कर सकती है।

हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप सख्त नियमों के पक्ष में नहीं हैं। उनका मानना है कि सरकार के अत्यधिक नियंत्रण और कड़े नियमों से चीन जैसे रणनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ अमेरिका की प्रतिस्पर्धी क्षमता कमजोर पड़ सकती है।

क्या-क्या होगी टास्क फोर्स की जिम्मेदारियां?

टास्क फोर्स के औपचारिक चार्टर के अनुसार, क्लेटन का यह पैनल AI से जुड़ी सुरक्षा खामियों और गंभीर विफलताओं के जोखिमों की समीक्षा करेगा। इसके अलावा, साइबर हमलों, डेटा सेंधमारी और तकनीकी गड़बड़ियों से जुड़े मौजूदा सरकारी रिपोर्टिंग सिस्टम का ऑडिट किया जाएगा।

यह पैनल बिना नए कानून बनाए, मौजूदा प्रशासनिक शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए एक मजबूत रैपिड-रिस्पॉन्स सिस्टम बनाने के उपाय भी सुझाएगा।

कौन-कौन होंगे टास्क फोर्स में शामिल?

ट्रंप प्रशासन के दूसरे कार्यकाल में AI रणनीति की कमान संभालने वाले जे क्लेटन दूसरे अधिकारी बन गए हैं, उनसे पहले सिलिकॉन वैली के वेंचर कैपिटलिस्ट डेविड सैक्स शुरुआती महीनों में इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

इस नवगठित टास्क फोर्स में प्रशासन के शीर्ष नीति-निर्माताओं और अनुभवी विशेषज्ञों को शामिल किया गया है, जिसके अध्यक्ष नेशनल इंटेलिजेंस के डायरेक्टर जे क्लेटन हैं।

पैनल में एमिल माइकल, स्कॉट कूपर और फेडरल ट्रेड कमीशन के चेयरमैन एंड्रयू फर्ग्यूसन उपाध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे। वहीं, कोर टास्क फोर्स सदस्यों के रूप में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और व्हाइट हाउस चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स को शामिल किया गया है, जबकि पूर्व AI जार डेविड सैक्स और पूर्व विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस पैनल को बाहरी सलाहकार के तौर पर रणनीतिक मार्गदर्शन देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *