अमेरिका में डोनल्ड ट्रंप की तस्वीर वाला 250 डॉलर का स्मारक नोट जारी करने की संभावना पर चर्चा तेज हो गई है।
हालांकि इसके लिए अमेरिकी कांग्रेस को एक पुराने संघीय कानून में बदलाव करना होगा, क्योंकि मौजूदा नियम के तहत किसी जीवित व्यक्ति की तस्वीर अमेरिकी मुद्रा पर नहीं लगाई जा सकती।
वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी कोषाध्यक्ष ब्रैंडन बीच और वरिष्ठ सलाहकार माइक ब्राउन ने ट्रेजरी विभाग के ब्यूरो ऑफ एनग्रेविंग एंड प्रिंटिंग के अधिकारियों से इस नोट के डिजाइन तैयार करने को कहा था। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस प्रस्ताव को लेकर विभाग के कर्मचारियों में चिंता भी है, क्योंकि अमेरिकी कानून के अनुसार केवल दिवंगत व्यक्तियों की तस्वीर ही नोटों पर छापी जा सकती है।
ट्रंप की तस्वीर वाला डिजाइन भी तैयार
रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रैंडन बीच ने पिछले साल अगस्त और सितंबर में अधिकारियों को कुछ डिजाइन नमूने दिए थे। इनमें एक डिजाइन में 250 डॉलर के नोट के बीच में डोनल्ड ट्रंप की तस्वीर दिखाई गई थी।
ब्रिटिश कलाकार इयान अलेक्जेंडर ने यह डिजाइन तैयार किया था। उन्होंने दावा किया कि ट्रंप ने खुद डिजाइन में कुछ बदलावों को मंजूरी दी थी। इसमें अमेरिकी झंडे के रंग और अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने का लोगो भी शामिल किया गया।
अमेरिका में 1866 से किसी जीवित व्यक्ति की तस्वीर मुद्रा पर नहीं छपी है। उस समय कांग्रेस ने यह नियम लागू किया था, जब ट्रेजरी विभाग के एक अधिकारी की तस्वीर पांच सेंट के नोट पर दिखाई गई थी।
कांग्रेस में अटका है प्रस्ताव
ट्रंप की तस्वीर वाले 250 डॉलर के स्मारक नोट की अनुमति देने के लिए पिछले साल एक विधेयक पेश किया गया था, लेकिन वह अब तक कांग्रेस में अटका हुआ है।
ट्रेजरी विभाग ने कहा है कि ब्यूरो इस प्रस्ताव को लेकर जरूरी तैयारी और जांच कर रहा है। अगर कांग्रेस से मंजूरी मिलती है तो अमेरिका की आजादी के 250वें वर्ष के अवसर पर यह स्मारक नोट जारी किया जा सकता है।
यह प्रस्ताव 2026 में अमेरिका की स्वतंत्रता के 250 साल पूरे होने के जश्न की बड़ी योजनाओं का हिस्सा माना जा रहा है। ट्रंप की तस्वीर वाला 24 कैरेट सोने का स्मारक सिक्का भी जारी किए जाने की तैयारी है।
इसके अलावा अमेरिकी ट्रेजरी ने हाल ही में पुष्टि की है कि अमेरिकी मुद्रा पर पहली बार किसी मौजूदा राष्ट्रपति के हस्ताक्षर भी शामिल किए जाएंगे।