‘भगवा का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे’, जादवपुर में ‘कश्मीर मांगे आजादी’ के नारे पर भड़के शुभेंदु…

बंगाल की जादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) परिसर में हाल में ‘कश्मीर मांगे आजादी’ और ‘लाल सलाम’ जैसे नारे लगाए जाने को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कड़ा रुख अपनाया।

शाम में गोलपार्क से जादवपुर विश्वविद्यालय के समीप आठ बी बस स्टैंड तक निकली करीब तीन किलोमीटर लंबी ‘भगवा सम्मान यात्रा’ का नेतृत्व करते हुए मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि स्वामी विवेकानंद और ऋषि अरविंद की पावन भूमि पर भगवा का अपमान किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने जादवपुर से ऐसे नारे लगाने वाली ताकतों को जड़ से उखाड़ फेंकने की शपथ लेने की बात कही।

यात्रा के समापन के बाद विश्वविद्यालय के बाहर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए शुभेंदु ने स्पष्ट कहा कि बंगाल का मुख्यमंत्री जानता है कि जादवपुर से ‘कश्मीर मांगे आजादी’ और ‘लाल सलाम’ जैसे नारों को कैसे समाप्त करना है।

कहा कि वह एक बार फिर जादवपुर आएंगे और भगवा का अपमान करने वालों को धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से सबक सिखाया जाएगा।

घोषणा की कि आने वाले दिनों में जादवपुर में भव्य वेदपाठ और हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन कराया जाएगा। लोगों से आगामी तीन दिवसीय वैदिक पाठ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील भी की।

भगवा वस्त्र में और हाथ में भगवा ध्वज लेकर शुभेंदु ने यात्रा का नेतृत्व किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्वामी विवेकानंद, श्रीचैतन्य महाप्रभु और स्वामी प्रणवानंद की भूमि है और यहां भगवा का सम्मान कायम रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *