“करारा जवाब मिलेगा” – अमेरिका के खिलाफ चीन का सख्त कदम, 20 रक्षा कंपनियों पर लगाए प्रतिबंध…

चीन ने 20 अमेरिकी रक्षा कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। यह कदम ट्रंप प्रशासन की ओर से ताइवान को 11.1 अरब डालर के हथियार पैकेज को मंजूरी देने के विरोध में उठाया गया है।

विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि ताइवान मुद्दे पर चीन को उकसाने के किसी भी प्रयास का कड़ा जवाब दिया जाएगा।

इन प्रतिबंधों को काफी हद तक प्रतीकात्मक माना गया है, क्योंकि लक्षित अमेरिकी रक्षा कंपनियों में से अधिकांश का चीन में कोई व्यावसायिक संचालन नहीं है।

अधिकारियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई का फैसला

मंत्रालय ने कहा कि बीजिंग ने हाल के वर्षों में ताइवान को हथियार मुहैया कराने में शामिल 20 अमेरिकी सैन्य-संबंधी कंपनियों और 10 वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करने का फैसला किया है।

ताइवान का मुद्दा चीन के मूल हितों का केंद्र है और चीन-अमेरिका संबंधों में पहली लक्ष्मण रेखा है जिसे पार नहीं किया जा सकता। ताइवान के मुद्दे पर उकसावे की कार्रवाई करने वाले किसी भी व्यक्ति को चीन की ओर से कड़ा जवाब मिलेगा।

चीन ने अमेरिका से किया ये आग्रह

मंत्रालय ने अमेरिका से एक-चीन सिद्धांत का पालन करने और ताइवान को हथियार देने की गतिविधियों को रोकने, ताइवान स्ट्रेट में शांति और स्थिरता को कमजोर करना बंद करने का आग्रह किया है।

बयान में कहा गया कि चीन राष्ट्रीय संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए दृढ़ कदम उठाना जारी रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *