टेक्सस के ऑस्टिन में वेस्ट सिक्स्थ स्ट्रीट पर हुई भारी गोलीबारी में मारे गए चार लोगों में एक 21 साल की इंडियन-अमेरिकन स्टूडेंट भी शामिल थी।
यह घटना रविवार सुबह हुई जब एक बंदूकधारी ने बुफोर्ड के बैकयार्ड बीयर गार्डन को निशाना बनाते हुए भीड़भाड़ वाले इलाके में फायरिंग की।
शूटर की पहचान नडियागा डायग्ने (53) के तौर पर हुई। उसे ऑस्टिन पुलिस ने मौके पर ही मार गिराया। पीड़ितों की पहचान सविता शान, राइडर हैरिंगटन और जॉर्ज पेडरसन के तौर पर हुई।
इस घटना में 14 लोग घायल हुए। एफबीआई इस घटना की जांच कर रही है। खबर है कि संदिग्ध ने एक स्वेटशर्ट पहनी हुई थी जिस पर “अल्लाह की संपत्ति” लिखा हुआ था और ईरानी झंडा बना था।
कौन थी सविता शान?
सविता शान का पूरा नाम सविता शनमुगसुंदरम था। यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सस ,ऑस्टिन (UT Austin) में इंडियन-अमेरिकन ऑनर्स स्टूडेंट थीं।
ऑस्टिन की रहने वाली 21 साल की सविता मैककॉम्ब्स स्कूल ऑफ बिजनेस और कॉलेज ऑफ लिबरल आर्ट्स में सीनियर डुअल-डिग्री स्टूडेंट थीं और मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स और इकोनॉमिक्स की पढ़ाई कर रही थीं।
प्रोफेसरों ने उन्हें “सुपरस्टार स्टूडेंट” बताया था। वह मई 2026 में ग्रेजुएट होने वाली थी और उसने पहले ही एक बड़ी प्रोफेशनल सर्विस फर्म में नौकरी पक्की कर ली थी।
मैककॉम्ब्स स्कूल ऑफ बिजनेस के असिस्टेंट प्रोफेसर रस फिनी ने एक्स पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “सविता यूटी ऑस्टिन मैककॉम्ब्स स्कूल ऑफ बिजनेस में हमारी सुपरस्टार स्टूडेंट में से एक थीं।
वह इस मई में ग्रेजुएट होने वाली थीं और फिर वह एक बड़ी प्रोफेशनल सर्विस फर्म में अपना करियर शुरू करने वाली थीं। वह ऑनर्स के साथ डबल मेजर थीं। स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन में शामिल थीं। क्लासरूम में एक रोशनी। उन्हें खोना बहुत दुख की बात है।”
वह कैंपस लाइफ में बहुत एक्टिव थीं। इंडियन स्टूडेंट्स एसोसिएशन के एग्जीक्यूटिव बोर्ड में काम करती थीं और ऑस्टिन तमिल संगम के लिए वॉलंटियर करती थीं।
UT ऑस्टिन के प्रेसिडेंट जिम डेविस ने एक बयान में शान को प्यार करने वाले माता-पिता की संतान और कई लोगों की वफादार दोस्त बताया।
घटना के बाद छात्रों को लगा बड़ा झटका
इस घटना से शहर की बड़ी इंडियन-अमेरिकन कम्युनिटी, खासकर सिलिकॉन हिल्स कॉरिडोर में रहने वाले स्टूडेंट्स और टेक्नोलॉजी प्रोफेशनल्स में शोक की लहर दौड़ गई है।
समुदाय से जुड़े लोग शान परिवार और दूसरे प्रभावित लोगों की मदद के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।