कौन हैं डॉ. हेमांग जोशी? तेजस्वी सूर्या की जगह BJYM के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष, Gen Z वोटर्स को साधने की बड़ी जिम्मेदारी…

युवा आंदोलन और ‘Gen Z’ की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ा संगठनात्मक कदम उठाया है।

पार्टी ने वडोदरा से लोकसभा सांसद डॉ. हेमांग जोशी को भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है।

उन्होंने बेंगलुरु दक्षिण से सांसद तेजस्वी सूर्या की जगह ली है, जिन्होंने 14 वर्षों के अपने BJYM सफर का जिक्र करते हुए नेतृत्व को धन्यवाद दिया।

युवा सोच और नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व

31 जनवरी 1991 को पोरबंदर में जन्मे 35 वर्षीय हेमांग जोशी बीजेपी की युवा सोच और नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं। महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी, वडोदरा से उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले जोशी ने 2022 में वडोदरा नगर निगम की स्कूल कमेटी के उपाध्यक्ष के रूप में प्रशासनिक राजनीति में कदम रखा।

2 सालों में तेजी से बढ़ा कद

हेमांग जोशी का पिछले दो सालों में पार्टी संगठन में उनका ग्राफ काफी तेजी से बढ़ा है:

  • अप्रैल 2024: वडोदरा से भारी मतों से लोकसभा चुनाव जीता।
  • मई 2025: ऑपरेशन सिंदूर के लिए विदेश भेजे गए प्रतिनिधिमंडल में गुजरात से एकमात्र सांसद बने।
  • दिसंबर 2025: गुजरात बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद की कमान संभाली।

साफ छवि और मजबूत कम्युनिकेशन स्किल्स

हेमांग जोशी को चुनने के पीछे उनकी सौम्य छवि, विवाद-रहित रवैया, मजबूत कम्युनिकेशन स्किल्स और तकनीकी-प्रवीणता रही है। वडोदरा में डिजिटल MP ऑफिस की उनकी पहल से लेकर गुजरात में बड़े स्तर पर डिजिटल बैठकों तक, उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बी.एल. संतोष का ध्यान खींचा।

इसके अलावा गुजराती, हिंदी और अंग्रेजी भाषा पर पकड़ के कारण वे देशभर के युवाओं से सीधा संपर्क साधने में सक्षम हैं। हाल ही में संसद में राहुल गांधी से जुड़ी घटना में शिकायतकर्ता के रूप में भी वे राष्ट्रीय सुर्खियों में आए थे। अब उनके ऊपर देशभर के Gen Z और युवा मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने का मुख्य जिम्मा रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *