कौन है चिनतुआंग? म्यांमार से भारत और बांग्लादेश तक ड्रग नेटवर्क चलाने का आरोप, एनसीबी ने किया गिरफ्तार…

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने भारत-म्यांमार सीमा पर सक्रिय अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अपनी कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल की है।

एजेंसी ने सीमा पार से मेथम्फेटामाइन और हेरोइन की आपूर्ति करने वाले कुख्यात तस्कर थानसिनतुआंग उर्फ चिनतुआंग उर्फ तलुआंगा को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

वह इस साल एनसीबी के हत्थे चढ़ने वाला म्यांमार का दूसरा बड़ा ड्रग्स सप्लायर है। यह गिरफ्तारी व्यापक निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने, अंतरराज्यीय समन्वय और निरंतर अभियानों के बाद हुई है।

चिनतुआंग भारत-म्यांमार सीमा पर सक्रिय प्रमुख तस्कर 

एनसीबी ने कहा है कि चिनतुआंग भारत-म्यांमार सीमा पर सक्रिय प्रमुख तस्कर के रूप में उभरा था और पड़ोसी देश से मेथम्फेटामाइन और हेरोइन का एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आपूर्तिकर्ता था।

वह मिजोरम, मणिपुर, असम और त्रिपुरा के रास्ते भारत और बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में नशीले पदार्थ पहुंचाने वाले सीमा पार तस्करी नेटवर्क को संगठित करने में व्यापक रूप से शामिल था।

मादक पदार्थों से जुड़े कई मामलों में था वांछित

एनसीबी और अन्य एजेंसियों द्वारा दर्ज मादक पदार्थों से जुड़े कई मामलों में वह वांछित था। चिनतुआंग पर मिजोरम पुलिस द्वारा 2025 में दर्ज किए गए दो मामलों में भी आरोप लगाया गया था, जो मेथम्फेटामाइन और हेरोइन की तस्करी से संबंधित थे।

इसके अतिरिक्त वह मिजोरम उत्पाद शुल्क एवं मादक पदार्थ विभाग द्वारा 2023 में दर्ज किए गए छह मामलों में भी संलिप्त पाया गया, जो हेरोइन की तस्करी से जुड़े थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *