व्हाइट हाउस अधिकारी का दावा: ट्रंप ने वेंस के लिए छोड़े उत्तराधिकार से जुड़े विशेष निर्देश…

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अपनी हत्या या किसी आपात स्थिति की आशंका को देखते हुए उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के लिए विस्तृत उत्तराधिकार निर्देश छोड़ रखे हैं।

व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारी सेबेस्टियन गोरका ने इसका खुलासा किया है।

राष्ट्रपति के डिप्टी असिस्टेंट और आतंकवाद-रोधी मामलों के वरिष्ठ निदेशक गोरका ने ‘पाड फोर्स वन’ पाडकास्ट में कहा कि व्हाइट हाउस के ‘रिजोल्यूट डेस्क’ की दराज में एक पत्र रखा है, जो उपराष्ट्रपति वेंस के नाम संबोधित है।

उन्होंने कहा, “अगर राष्ट्रपति के साथ कुछ होता है, तो उसके लिए स्पष्ट प्रोटोकाल मौजूद हैं।’

गोरका ने हालांकि इन व्यवस्थाओं का पूरा ब्योरा देने से इन्कार किया, लेकिन कहा कि प्रशासन के पास कई गोपनीय आकस्मिक योजनाएं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप का वैश्विक प्रभाव इतना अधिक है कि कोई भी देश उनके खिलाफ ऐसा कदम उठाने का जोखिम नहीं लेना चाहेगा।

यह बयान ऐसे समय आया है जब ट्रंप चीन के दो दिवसीय दौरे पर बीजिंग पहुंचे हैं।

वहां उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी जिन¨पग के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, सुरक्षा और वैश्विक तनाव जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।इससे पहले जनवरी में ट्रंप ने ईरान से कथित खतरों का जिक्र करते हुए कहा था कि यदि उन पर हमला हुआ तो अमेरिका बेहद कठोर जवाब देगा।

उल्लेखनीय है कि अमेरिकी संविधान के अनुसार राष्ट्रपति के बाद उपराष्ट्रपति सत्ता संभालने की पहली पंक्ति में होते हैं। वर्ष 1947 का प्रेसिडेंशियल सक्सेशन एक्ट उत्तराधिकार की पूरी व्यवस्था तय करता है।

गौरतलब है कि अप्रैल में व्हाइट हाउस करेस्पांडेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी की घटना भी हुई थी, जिसमें ट्रंप, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति वेंस मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने सभी शीर्ष नेताओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *