कैसा युद्धविराम: एक तरफ शांति का प्रस्ताव, दूसरी ओर अमेरिकी सैनिकों की तैनाती की तैयारी…

पेंटागन ने अमेरिकी सेना की 82वीं एयरबोर्न डिविजन के करीब 2,000 सैनिकों को मध्य पूर्व के लिए रवाना होने का आदेश दिया है।

इससे चर्चा तेज हो गई है कि ईरान को शांति का प्रस्ताव देने के बाद भी डोनाल्ड ट्रंप कई विकल्पों पर काम कर रहे हैं।

रक्षा विभाग के दो अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह कदम राष्ट्रपति ट्रंप को अतिरिक्त सैन्य विकल्प देने के लिए उठाया गया है, जबकि वह ईरान के साथ एक नई कूटनीतिक पहल पर भी विचार कर रहे हैं।

ये सैनिक डिविजन की इमीडिएट रिस्पॉन्स फोर्स का हिस्सा हैं, जिसमें करीब 3,000 जवान होते हैं और जो 18 घंटे के भीतर दुनिया के किसी भी हिस्से में तैनात हो सकते हैं।

पेंटागन ने 2,000 अमेरिकी सैनिक मध्य पूर्व भेजे

इस दल में डिविजन के कमांडर मेजर जनरल ब्रैंडन आर. टेग्टमायर, उनके कई स्टाफ सदस्य, और दो बटालियन शामिल हैं, जिनमें प्रत्येक में लगभग 800 सैनिक हैं। अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि आने वाले दिनों में इस ब्रिगेड के और सैनिक भी भेजे जा सकते हैं।

पहले से ही करीब 4,500 मरीन सैनिक इस क्षेत्र के लिए रवाना हो चुके हैं। ऐसे में इस नई तैनाती के साथ युद्ध शुरू होने के बाद अब तक भेजे गए अतिरिक्त जमीनी सैनिकों की संख्या करीब 7,000 हो गई है। इसे इस संघर्ष में एक नई बढ़ोतरी के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *