क्या है ‘वेड मोड’? जिसे एक्टिवेट कर टेक्सस की झील में उतारा गया टेस्ला का साइबरट्रक, वायरल वीडियो ने खींचा लोगों का ध्यान…

अमेरिका के टेक्सस में टेस्ला साइबर ट्रक के एक मालिक को सोमवार की रात जेल जाना पड़ा। दरअसल, मामला यह है कि उसने अपनी इलेक्ट्रिक गाड़ी को ग्रेपवाइन झील में उतार दिया था ताकि वह उसके वेड मोड फीचर को टेस्ट कर सके।

ग्रेपवाइन पुलिस के अनुसार, शाम करीब 8:00 बजे (स्थानीय समय) के आसपास, केटीज वुड्स बोट रैंप पर अधिकारियों और दमकलकर्मियों को बुलाया गया, क्योंकि उन्हें पानी में एक गाड़ी के होने की रिपोर्ट मिली थी।

वहीं, जब टीम वहां पहुंची तो उन्हें साइबर ट्रक किनारे के पास आंशिक रूप से डूबा हुआ मिला। इस घटना को वहां मौजूद लोगों ने अपने कैमरों में कैद कर लिया। इसके साथ ही जब ट्रक डूबने लगा, तो उनमें से एक ने मजाक में कहा, “आप यहां गाड़ी पार्क नहीं कर सकते।”

ड्राइवर ने जान-बूझकर ट्रक को झील में उतारा

ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि उसने जान-बूझकर ट्रक को झील में उतारा था ताकि वह वेड मोड का इस्तेमाल कर सके। यह साइबरट्रक की ऑफ-रोड सेटिंग्स में से एक है। टेस्ला के अनुसार, इस मोड का इस्तेमाल उथले पानी में धीरे-धीरे गाड़ी चलाने के लिए किया जाता है।

इसमें गाड़ी को सुरक्षित रखने के लिए उसका सस्पेंशन ऊपर उठ जाता है। ड्राइवर को इसे खुद चालू करना पड़ता है, क्योंकि यह अपने आप चालू नहीं होता।

ग्रेपवाइन पुलिस ने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा, “पानी में गाड़ी को लेकर जाने से वह खराब हो गई और उसमें पानी भर गया। हालांकि, इस दौरान ड्राइवर और यात्री गाड़ी छोड़कर बाहर निकल आए, और ग्रेपवाइन दमकल विभाग की जल बचाव टीम ने गाड़ी को झील से बाहर निकालने में मदद की।”

ग्रेपवाइन जेल में बंद है ड्राइवर

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ड्राइवर की पहचान जिमी जैक मैकडैनियल के रूप में हुई है। फिलहाल उसे ग्रेपवाइन जेल में बंद कर दिया गया है। उस पर पार्क या झील के बंद हिस्से में गाड़ी चलाने, बिना वैध बोट रजिस्ट्रेशन के गाड़ी चलाने, और पानी में सुरक्षा से जुड़े कई नियमों का उल्लंघन करने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

टेस्ला की मालिक नियमावली में ड्राइवरों को चेतावनी दी गई है कि वे पानी में उतरने से पहले वहां के हालात की जांच कर लें। साथ ही, उन्हें गहरे या तेज बहाव वाले पानी में गाड़ी न चलाने की भी हिदायत दी गई है, क्योंकि ऐसा करने से गाड़ी को नुकसान पहुंच सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *