ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार सुबह छह बजे (स्थानीय समय) तक अपने क्षेत्रीय जलक्षेत्र के आसपास चीन के 26 विमानों, आठ नौसैनिक जहाजों और एक सरकारी जहाज की उपस्थिति का पता लगाया।
इन 26 विमानों में से सात ने मध्य रेखा पार कर ताइवान के उत्तरी, मध्य और दक्षिण-पश्चिमी रक्षा क्षेत्र में प्रवेश किया। वहीं, चीनी सेना के एक टोही विमान (मानवरहित हवाई वाहन) को ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी रक्षा क्षेत्र प्रवेश करते हुए देखा गया।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रेडियो चेतावनी के बाद मानवरहित हवाई वाहन वहां से लौट गया। इसने ताइवान के नियंत्रण वाले प्रतास द्वीप समूह के ऊपर उड़ान भरी। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने इसे भड़काऊ और गैर-जिम्मेदाराना कदम बताया।
ताइवान में चीन की मौजूदगी
एक दिन पहले, शुक्रवार को ताइवान के आसपास चीन के 34 विमानों और 11 जहाजों की मौजूदगी दर्ज की गई थी। राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने यह भी बताया कि 18 विमानों ने मध्य रेखा को पार किया और ताइवान के उत्तरी, मध्य, दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (एडीआइजेड) में प्रवेश किया।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में चीन की ओर से इस तरह के कदम लगातार उठाए जा रहे हैं। वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई के बाद से ही विश्लेषक इस तरह की घटनाओं को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं।