झारखंड में मौसम का कहर, 24 घंटे में आकाशीय बिजली से 7 लोगों की मौत; रांची में दो ने गंवाई जान…

 झारखंड में मानसून पूर्व मौसम के बीच आकाशीय बिजली लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में बिजली गिरने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और एक 10 साल का बच्चा भी शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सबसे अधिक प्रभावित जिलों में रांची और गढ़वा शामिल हैं, जहां दो-दो लोगों की जान गई। रांची जिले के पिथोरिया थाना क्षेत्र के बड़हू गांव निवासी जीतू महली (55) और कटमकुली गांव की निराशा देवी (33) खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक बिजली गिरने से दोनों की मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पिथोरिया थाना के सब-इंस्पेक्टर सत्यदेव प्रसाद ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं गढ़वा जिले में खरौंधी थाना क्षेत्र के सुंडी गांव की रीना देवी (30) और केतार थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव निवासी राम अवतार पाल (65) की भी बिजली गिरने से मौत हो गई।

इसके अलावा चतरा, गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां जिलों में भी आकाशीय बिजली की अलग-अलग घटनाओं में तीन अन्य लोगों की जान चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *