क्या राहुल गांधी की पोस्ट को जानबूझकर किया गया ब्लॉक? सरकार ने इंस्टाग्राम विवाद पर दी सफाई…

कांग्रेस के आरोपों के बीच इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने रविवार को साफ किया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी की इंस्टाग्राम पोस्ट ब्लॉक करने में मंत्रालय की कोई भूमिका नहीं थी।

सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की आंतरिक तकनीकी प्रणाली की वजह से हुई थी, जिसने गलती से पोस्ट को ब्लॉक कर दिया था। बाद में पोस्ट को फिर से बहाल कर दिया गया।

सूत्रों ने बताया कि कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स पर यह दावा किया गया था कि राहुल गांधी की पोस्ट को MeitY के निर्देश पर प्रतिबंधित किया गया है, लेकिन यह दावा गलत है। मंत्रालय का कहना है कि पोस्ट को प्लेटफॉर्म के ऑटोमैटिक सिस्टम ने गलती से फ्लैग किया था।

यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की इंस्टाग्राम रील और फोटो पोस्ट, जिसमें तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख सी जोसेफ विजय के शपथ ग्रहण समारोह की तस्वीरें थीं, अचानक ब्लॉक कर दी गईं।

कांग्रेस ने लगाए थे आरोप

पूर्व यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय अभियान प्रमुख श्रीवत्स ने एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि राहुल गांधी की रील ने एक घंटे से भी कम समय में 1.2 करोड़ व्यूज हासिल कर लिए थे, जबकि फोटो पोस्ट 4.6 करोड़ लोगों तक पहुंच चुकी थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रालय के नियमों की वजह से राहुल गांधी का अकाउंट प्रभावित हुआ और विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। श्रीवत्स ने कहा कि राहुल गांधी के सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहुंच लंबे समय से सीमित की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि एक्स पर उनकी पहुंच, यूट्यूब व्यूज और इंस्टाग्राम फॉलोअर्स पर भी असर डाला गया है।

तमिलनाडु में विजय ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

इस बीच तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने सी जोसेफ विजय ने राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनकी पार्टी टीवीके ने 2026 विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय और उनके मंत्रिमंडल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने अपने संबोधन में कहा कि वह कोई ‘दैवीय दूत’ नहीं बल्कि आम इंसान हैं। उन्होंने कहा कि वह जनता से केवल वही वादे करेंगे जिन्हें पूरा किया जा सके।

युवाओं और समर्थकों को दिया संदेश

विजय ने अपने युवा समर्थकों और बच्चों का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ‘विजय मामा’ कहने वाले बच्चों की वजह से ही वह इस मुकाम तक पहुंचे हैं और वह उनके भविष्य के लिए काम करेंगे। उन्होंने अपनी जीत को ‘नई शुरुआत’ बताते हुए कहा कि तमिलनाडु में अब ‘वास्तविक, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय’ के नए दौर की शुरुआत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *