अगले 24 घंटे में दिल्ली, यूपी और बिहार में तेज बारिश की चेतावनी, 26 जुलाई तक रहेगा असर…

लंबे इंतजार के बाद मानसून ने पूरे देश में जोरदार वापसी कर ली है। अगले एक सप्ताह तक जम्मू-कश्मीर से लेकर असम तक कई राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। सबसे ज्यादा असर उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों पर पड़ सकता है।

हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में तीन-चार दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।

अगले एक हफ्ते तक भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने पर्वतीय क्षेत्रों में बादल फटने, अचानक बाढ़ और भूस्खलन का भी खतरा जताया है। हालांकि खेती के लिहाज से इसे अच्छा माना जा रहा है।

जून में पूरे देश में 40 प्रतिशत तक कम बारिश हो पाई थी। जुलाई के पहले हफ्ते में दक्षिण एवं उत्तर-पूर्वी राज्यों में भारी बारिश के चलते इस औसत में काफी सुधार आया, लेकिन दूसरे सप्ताह से लगातार सूखे ने खेती बारी का संकट बढ़ा दिया था। अब फिर उम्मीद जगी है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय मानसूनी ट्रफ राजस्थान के गंगानगर से रोहतक, सुल्तानपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।

साथ ही झारखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और बंगाल की खाड़ी के ऊपर कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं। इन सभी मौसमी प्रणालियों के एक साथ सक्रिय होने से देश के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियां बढ़ी है।

यही वजह है कि पिछले 24 घंटों के दौरान देश के लगभग 80 प्रतिशत हिस्से में बारिश दर्ज की गई और अगले एक-दो दिनों में पूरा देश बारिश के प्रभाव में आ सकता है। अगले तीन दिनों में उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है। इससे बादल फटने, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

मैदानी इलाकों में भी मानसून ट्रफ के थोड़ा दक्षिण की ओर खिसकने से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार में अच्छी बारिश के आसार बने हुए हैं।

बुधवार को भी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि गुरुवार तक इसका असर उत्तर भारत के कई राज्यों में बना रह सकता है।

मुंबई सहित महाराष्ट्र के तटीय इलाकों और कर्नाटक के समुद्री तट पर भी अच्छी बारिश का अनुमान है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी अगले कई दिनों तक तेज बारिश जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *