नेशनल ब्राडकास्टर एसआरएफ के शुरुआती अनुमानों के अनुसार, रविवार को हुए जनमत संग्रह में स्विस मतदाताओं ने देश की आबादी को एक करोड़ तक सीमित करने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया। एसआरएफ के अनुमान के अनुसार, लगभग 45 प्रतिशत मतदाता प्रस्ताव के पक्ष में और 55 प्रतिशत इसके खिलाफ थे।
इस संभावित अस्वीकृति से पता चलता है कि अधिकतर लोगों ने आर्थिक स्थिरता और यूरोपीय संघ के साथ देश के संबंधों को प्राथमिकता दी, जबकि उन्हें इस बात की चिंता थी कि इमिग्रेशन से सार्वजनिक सेवाओं पर दबाव बढ़ रहा है, किराया बढ़ रहा है और अपराध बढ़ रहे हैं।इस जनमत संग्रह की तुलना ब्रिटेन के 2016 के ब्रेक्जिट वोट से की गई।
स्विट्जरलैंड की मौजूदा आबादी 91 लाख
इसने व्यापार जगत में चिंता पैदा कर दी थी, क्योंकि उन्हें डर था कि इससे स्विट्जरलैंड और उसके मुख्य व्यापारिक साझेदार ईयू के बीच वर्करों की निर्वाध आवाजाही खत्म हो सकती है।
दक्षिणपंथी स्विस पीपल्स पार्टी के प्रस्ताव में यह शर्त रखी गई थी कि 2050 से पहले आबादी एक करोड़ से अधिक नहीं होनी चाहिए, और अगर ऐसा लगातार दो साल तक होता है, तो स्विट्ज़रलैंड को ईयू के साथ आजादी से आने-जाने वाले समझौते को रद कर देना चाहिए।
स्विट्जरलैंड की आबादी पहले से ही 91 लाख है और यह आस-पास के ईयू देशों की तुलना में बहुत तेजी से बढ़ी है। स्विस आबादी में विदेशियों की हिस्सेदारी लगभग 28 प्रतिशत है और सरकारी अनुमानों के मुताबिक 2040 के शुरुआत तक यह आबादी एक करोड़ तक पहुंच जाएगी।